पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें:4 लाख में होमगार्ड-ASI का मर्डर; IAS के सेक्रेटरी का सुसाइड; परमानेंट DGP जल्द; फर्जी लेडी इंस्पेक्टर पकड़ी

नमस्कार, पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर गुरदासपुर में ASI व होमगार्ड जवान की हत्या से जुड़ी रही। पुलिस ने एनकाउंटर में एक आरोपी को ढेर कर दिया। DIG ने कहा कि 4 लाख रुपए के लालच में 3 युवकों ने मर्डर किए। उन्हें PAK की खुफिया एजेंसी ISI ने पुलिस जवानों के कत्ल का टास्क दिया था। चंडीगढ़ की बड़ी खबर सचिवालय की बिल्डिंग से कूदकर IAS अफसर के सेक्रेटरी के सुसाइड से जुड़ी रही। सेक्रेटरी ने छठी मंजिल से कूदकर जान दे दी। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. ₹4 लाख के लालच में ASI-होमगार्ड मर्डर, एनकाउंटर में एक ढेर गुरदासपुर में पुलिस चौकी में ASI और होमगार्ड जवान का कत्ल करने वाले एक आरोपी रणजीत सिंह को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। उसका दूसरा साथी इंद्रजीत सिंह फरार हो गया। वहीं तीसरा आरोपी दिलावर सिंह पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस के मुताबिक एनकाउंटर बुधवार सुबह करीब 3 बजे हुआ। पुलिस ने रणजीत को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उसे हथियार की बरामदगी के लिए ले गई थी लेकिन वहां SHO की गाड़ी पलटने से वह फरार हो गया। इसके बाद CIA की टीम ने उसे पुराना शाला इलाके में घेर लिया। पुलिस को देख उसने फायरिंग कर भागने की कोशिश की। इसी दौरान क्रॉस फायरिंग में रणजीत की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं CIA के इंचार्ज इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह समेत 5 मुलाजिम घायल हो गए। एनकाउंटर के बाद DIG संदीप गोयल ने कहा कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI ने पैसों का लालच देकर यह मर्डर कराया है। तीनों आरोपी, रणजीत सिंह, दिलावर सिंह और इंद्रजीत सिंह पाकिस्तान में बैठे ISI हैंडलर्स के टच में थे। CM भगवंत मान ने भी जालंधर PAP में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि पुलिस चौकी में मारे जवानों का बदला ले लिया है। आरोपियों का लिंक पाकिस्तान से जुड़ा हुआ मिला। पाकिस्तान ने इनको स्पॉन्सर किया था ताकि पंजाब में दहशत फैलाई जा सके (पढ़ें पूरी खबर) 2. चंडीगढ़ IAS अफसर के सेक्रेटरी ने सुसाइड किया चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सचिवालय की छठी मंजिल से कूदकर IAS अफसर के सेक्रेटरी ने सुसाइड कर लिया। मृतक की पहचान गणेश दास अरोड़ा के तौर पर हुई है। वह IAS अफसर हितेश कुमार मीणा के स्पेशल सीनियर सेक्रेटरी थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सेक्टर 16 स्थित सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। इससे 15 दिन पहले भी उन्होंने छत से कूदने की कोशिश की थी। तब लोगों ने उन्हें पकड़ लिया था। गणेश दास अरोड़ा की इसी साल अक्टूबर में रिटायरमेंट थी। उनकी पत्नी गवर्नर हाउस में तैनात हैं। चश्मदीदों के अनुसार, गणेश ने बुधवार दोपहर 12:24 बजे सुसाइड किया। वह अपने ऑफिस में काम कर रहे थे। काम करते- करते अचानक बिना किसी को कुछ बताए सचिवालय की छत पर चले गए। इसके बाद तुरंत नीचे कूदकर सुसाइड कर लिया। (पढ़ें पूरी खबर) 3. पंजाब को जल्द मिलेगा परमानेंट DGP, दौड़ में 4 बड़े चेहरे पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले AAP सरकार को झटका लगा है। UPSC ने परमानेंट DGP के लिए पैनल मांग लिया है। अभी गौरव यादव कार्यकारी DGP के तौर पर काम कर रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह लेटर 18 फरवरी को भेजा गया है। जिसमें सुप्रीम कोर्ट के 5 फरवरी के आदेश का हवाला दिया गया है। इसके बाद पंजाब गृह विभाग ने DGP ऑफिस से योग्य अफसरों के नाम मांग लिए हैं। UPSC के इस फैसले से तय है कि पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस को परमानेंट डीजीपी मिल जाएगा। कुछ दिन पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने कार्यकारी DGP की प्रथा को लेकर चिंता जताई थी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि ये प्रथा ठीक नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि UPSC अपने लेवल पर सरकारों से नाम मांगे। नए DGP की बात करें तो इस वक्त पंजाब में 17 अफसर DGP रैंक पर काम कर रहे हैं। इनमें संजीव कालड़ा सबसे सीनियर हैं लेकिन उनकी रिटायरमेंट इसी 28 फरवरी को है, वह 6 महीने के कार्यकाल की शर्त पूरी नहीं कर पाएंगे। इसके अलावा परमानेंट DGP के पैनल को लेकर शरद सत्य चौहान, हरप्रीत सिद्धू और कुलदीप सिंह का भी नाम है। वहीं पंजाब कैडर के रॉ चीफ पराग जैन भी हैं लेकिन उनके वापस आने की उम्मीद कम हैं। पैनल में गौरव यादव का भी नाम होगा (पढ़ें पूरी खबर) 4. PAK गई पंजाबी महिला का पति बोला- अश्लील फोटो-VIDEO से ब्लैकमेल कर रेप किया सिख जत्थे के साथ दर्शन के बहाने पाकिस्तान जाकर मुस्लिम व्यक्ति से निकाह करने वाली पंजाबी महिला सरबजीत का पति करनैल सिंह लाहौर हाईकोर्ट पहुंच गया है। करनैल ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर सरबजीत को पाकिस्तान से निकालने और भारत भेजने की मांग की है। करनैल ने दावा किया कि सरबजीत ने उससे तलाक नहीं लिया। इसके बावजूद दूसरी शादी कर ली। उसे अश्लील फोटो-वीडियो से ब्लैकमेल किया गया। ब्लैकमेलिंग के जरिए दुबई से उससे पैसे भी मंगाए गए। यही नहीं, पति ने कहा कि सरबजीत ने तीर्थ यात्रा के वीजा नियमों का ही उल्लंघन नहीं किया बल्कि फॉरेनर्स एक्ट और इस्लामी कानून भी तोड़ा है। उसने कहा कि बिना तलाक के नासिर हुसैन के सरबजीत के साथ शारीरिक संबंध अवैध हैं और उस पर रेप की FIR होनी चाहिए। पति ने उसके इस्लाम कबूल करने को भी जबरन धर्म परिवर्तन बताया, क्योंकि इसमें शरिया कानून के तहत प्रक्रिया फॉलो नहीं की गई। सरबजीत सिख श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ पाकिस्तान गई थी। वहां अचानक वह गायब हो गई। इसके बाद उसने कथित तौर पर धर्म परिवर्तन किया और मुस्लिम बनकर अपना नाम नूर हुसैन रख लिया। इसके बाद उसे नासिर हुसैन के साथ निकाह कर लिया। सरबजीत ने दावा किया था कि उनके बीच 8 साल से प्रेम संबंध थे। वह ऑनलाइन एक-दूसरे से जुड़े थे। वह अपनी मर्जी से पाकिस्तान आई और नासिर से निकाह करके खुश है। (पढ़ें पूरी खबर) 5. AAP सरपंच की हत्या के 2 आरोपियों का एनकाउंटर तरनतारन में AAP सरपंच हरबरिंदर सिंह की हत्या में शामिल 2 आरोपियों का पुलिस के साथ एनकाउंटर हो गया। इस दौरान क्रॉस फायरिंग में आरोपी शूटर अर्शदीप सिंह और रमनप्रीत सिंह को पुलिस की गोली लगी और वह घायल हो गए। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। उनसे पुलिस को 2 पिस्टल बरामद हुई हैं। तरनतारन के SSP सुरिंदर लांबा ने बताया कि यह एनकाउंटर सुबह करीब 9 बजे हुआ। पुलिस ने गश्त के दौरान एक बाइक पर 2 संदिग्ध देखे। जब उन्हें रोककर पूछताछ की कोशिश हुई तो वह भागने लगे। पुलिस ने शक के आधार पर पीछा किया तो उन्होंने फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायर किए। SSP ने कहा कि रमनप्रीत चोहला साहिब का रहने वाला है। सरपंच को गोली मारने वाला मेन शूटर वही है। उसे 2 गोलियां लगी हैं। दूसरा आरोपी अर्शदीप जालंधर के गढ़ा का रहने वाला है। उसके पैर में चोट आई है। AAP सरपंच कुछ दिन पहले तरनतारन में सिद्धू फार्म हाउस में शादी समारोह में आए थे। जहां इन शूटरों ने बाराती बनकर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी (पढ़ें पूरी खबर) 6. एयर एंबुलेंस क्रैश- को-पायलट का अंतिम संस्कार, 4 महीने का बेटा एयर एंबुलेंस क्रैश में मारे गए को-पायलट स्वराजदीप सिंह का बुधवार को अंतिम संस्कार किया गया। उनकी पार्थिव देह बुधवार को घर लाई गई। झारखंड में एक मरीज को ले जाते वक्त एयर एंबुलेंस क्रैश होने से उनकी मौत हो गई थी। स्वराजदीप सिंह की शादी दो साल पहले हुई थी और उनका चार महीने का बेटा है। परिवार के अनुसार, उनकी अपने फूफा रणजीत सिंह से फोन पर आखिरी बातचीत हुई थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें काम पर बुलाया जा रहा है और जाना पड़ेगा। उनके परिवार में दादा साहिब सिंह, पिता अमरीक सिंह के अलावा माता भाई-भाभी भी हैं। इस मौके पायलट स्वराज के अंतिम संस्कार में विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर भी शामिल हुए। स्वराजदीप रेडबर्ड कंपनी का बीचक्राफ्ट किंग एयर B90L एक एयर एम्बुलेंस पर सवार थे। फ्लाइट ने सोमवार शाम 7:11 बजे रांची से उड़ान भरी, 7:34 पर एयरक्राफ्ट का कम्युनिकेशन टूट गया। थोड़ी देर बाद प्लेन झारखंड के चतरा जिले के समरिया के जंगलों में क्रैश हो गया। एयर एम्बुलेंस के क्रैश होते ही आग लग गई। (पढ़ें पूरी खबर) 7. CM मान बोले- PAP में ट्रेनिंग के लिए दूसरे देशों से ऑफर CM भगवंत मान बुधवार को जालंधर स्थित पंजाब पुलिस एकेडमी (PAP) पहुंचे। यहां उन्होंने नए भर्ती पुलिसकर्मियों की पासिंग आउट परेड में हिस्सा लिया। इस दौरान मान ने पुलिसकर्मियों को सेवा और ईमानदारी का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि पुलिस को हमेशा गरीब की दुआएं लेनी चाहिए। गरीब की ‘हाय’ और परमात्मा के बीच कोई बाईपास नहीं होता, वह सीधी ऊपर तक जाती है। अगर हम दोषियों को सजा दिलवाकर पीड़ित को यहीं इंसाफ दिला दें, तो उससे जो सुकून मिलता है, वह अनमोल है। सीएम मान ने कहा कि हमारे इस सेंटर में ट्रेनिंग के लिए दूसरे राज्यों और पड़ोसी देशों से भी ऑफर आ रहे हैं, हालांकि, पंजाब में बड़े स्तर पर हो रही अपनी भर्तियों के कारण फिलहाल किसी और को ट्रेनिंग देने के लिए जगह खाली नहीं है। मान ने कहा कि पंजाब अब खुशियां चाहता है। हमें चूल्हों की आग जलानी है और श्मशानों की आग को बुझाना है। पंजाब पुलिस के जवान कड़कड़ाती ठंड और तपती गर्मी में सड़कों पर इसलिए खड़े रहते हैं ताकि राज्य की जनता चैन की नींद सो सके। (पढ़ें पूरी खबर) 8. पंजाब पुलिस की फर्जी लेडी इंस्पेक्टर गिरफ्तार लुधियापना में पुलिस ने फर्जी लेडी इंस्पेक्टर पकड़ ली। वह पुलिस की वर्दी पहनकर ट्रक ड्राइवरों पर रौब झाड़ती थी। खुद को मुलाजिम बताकर कागजात चेक करती थी। फिर कमियां निकालकर अवैध वसूली करती थी। पकड़ी गई युवती गुरदासपुर की रहने वाली रमनदीप कौर है। बीती रात वह ट्रांसपोर्ट नगर में चेकिंग करने लगी। पहले तो ड्राइवर उसकी वर्दी देखकर डर गए और कागजात दिखाने लगे। मगर, कुछ देर बाद उन्हें महिला के हाव-भाव और बातचीत के लहजे से शक हुआ। उन्होंने उसे घेर लिया। जब ड्राइवरों ने सख्ती से पूछा तो वह मान गई कि वह असली पुलिस इंस्पेक्टर नहीं है। इसके बाद पीसीआर टीम बुलाकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। लुधियाना के DCP जसकिरनजीत सिंह तेजा कहा कि पुलिस जांच कर रही है कि उसके पास वर्दी कहां से आई। वह किसी गिरोह से तो नहीं जुड़ी। उसके मोबाइल के कॉल रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही इस बारे में पूरा खुलासा किया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर) 9. ब्लैक थार से 2 बाइक सवारों की मौत, परिजन बोले- पुलिसवाले का बेटा चला रहा
चंडीगढ़ में ओवरस्पीड थार ने बाइक सवार 2 लोगों को टक्कर मार दी। बाइक पर 2 टीचर जा रहे थे। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गए। इसके बाद ड्राइवर थार समेत वहां से फरार हो गया। यह हादसा मनीमाजरा स्थित हाउसिंग बोर्ड की लाइटों पर हुआ। दोनों टीचर रेड सिग्नल की वजह से रुके थे। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक मृतक उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी काजी अब्दुल सुभान (42) और काजी गुलशेर (50) थे। ये दोनों की मदरसे में टीचर थे। काम निपटाने के बाद वह घर वापस लौट रहे थे। मृतक के भाई फरमान ने आरोप लगाया है कि थार गाड़ी पुलिसकर्मी का बेटा चला रहा था। पुलिस आरोपी को बचा रही है। अब्दुल सुभान अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। वहीं गुलशेर भी परिवार के कमाने वाले सदस्य थे। (पढ़ें पूरी खबर) खबर हटके 10. अनोखी प्रतियोगिता: 6 घंटे तक पैरों के बल बैठे, बुजुर्ग जीते मोगा में एक अनोखी प्रतियोगिता कराई गई। शहीद गुरदर्शन सिंह स्पोर्ट्स क्लब के इस कंपीटिशन में सबको पैरों के बल बैठना था। इसमें 13 लोगों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगता गांव खोसा कोटला के प्रताप सिंह पप्प और देव सिंह प्रधान ने जीती। उन्हें 5200 रुपए और कप देकर सम्मानित किया गया। तीसरे स्थान पर घल कलां के सुखमंदर सिंह रहे, जिन्हें 1100 रुपए मिले। कंपीटिशन जीतने वाले प्रताप और देव की उम्र 55 साल से ज्यादा है। उन्होंने जीत को लेकर कहा कि पूरी जिंदगी वे खेतों में हाथ से फसल काटते थे। इस वजह से उन्हें इसकी प्रैक्टिस हुई और कोई परेशानी नहीं हुई। मेहनत और शारीरिक मेहनत की उनकी ताकत का राज है। खास बात यह है कि इसमें हिस्सा लेने वाले युवा कुछ ही समय बाद बाहर हो गए। इस पर विजेताओं ने कहा कि शारीरिक मेहनत न करने की वजह से युवाओं के भीतर ताकत नहीं रह गई। उनके पैरों में शरीर का भार उठाए रखने के बराबर जान नहीं, यह बड़ी चिंता की बात है। (पढ़ें पूरी खबर)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *