झुंझुनूं में लकड़ी तस्कर ने नाकाबंदी देख वन विभाग की गाड़ी को टक्कर मार दी। टीम ने पीछा किया तो पिकअप से दो और गाड़ियों को टक्कर मारता हुआ भाग निकला। करीब 100 मीटर आगे जाकर पिकअप अनियंत्रित हुई और एक दुकान में जा घुसी। घटना चिड़ावा के पिलानी रोड स्थित कबूतरखाना बस स्टैंड पर बुधवार सवेरे करीब 5 बजे की है। वन विभाग की टीम ने पिकअप जब्त कर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। पिकअप में करीब 30 क्विंटल हरी खेजड़ी की लकड़ियां भरी हुई थी। घटना का एक सीसीटीवी भी सामने आया है। पहले देखें ये 4 PHOTOS कबूतरखाना बस स्टैंड पर की थी नाकाबंदी
क्षेत्रीय वन अधिकारी संदीप लोयल ने बताया- बुधवार सुबह करीब साढ़े चार से 5 बजे के बीच सूचना मिली थी कि अवैध रूप से काटी गई खेजड़ी की लकड़ियों से भरी चार पिकअप गाड़ियां पिलानी की ओर से आ रही हैं। इस सूचना पर वन विभाग की टीम ने चिड़ावा के कबूतरखाना बस स्टैंड पर मोर्चा संभाला और नाकाबंदी की। तीन निकली, चौथी ने बैरिकेड्स को टक्कर मारी
जैसे ही गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, तीन पिकअप चकमा देकर निकल गईं। वन विभाग की टीम ने चौथी पिकअप के ड्राइवर को रुकने का इशारा किया। ड्राइवर ने रुकने के बजाय वन विभाग के बैरिकेड्स और सरकारी गाड़ी को सीधी टक्कर मार दी और भाग निकला। वन विभाग की टीम ने पीछा किया तो उसने रास्ते में दो अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में लिया। दुकान से टकराकर रुकी, ड्राइवर को घेराबंदी कर पकड़ा
वन विभाग की टीम ने तस्कर का पीछा किया तो तेज रफ्तार और हड़बड़ाहट के कारण तस्कर की पिकअप अनियंत्रित होकर खेतड़ी रोड पर सड़क किनारे एक दुकान के शटर से जा टकराई। हादसे के बाद ड्राइवर सुमित निवासी छावसरी मौके से फरार हो गया, जिसे बाद में वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। विभाग ने अवैध लकड़ी से भरी पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया है। 30 क्विंटल लकड़ियां जब्त
आरओ संदीप लोयल ने बताया- आरोपी सुमित उदयपुरवाटी के छावसरी से लकड़ियां पिकअप में लादकर हरियाणा के सिंघानी जा रहा था। विभाग की टीम ने करीब 30 क्विंटल लकड़ी से भरी पिकअप जब्त की है। मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।


