पंजाब के बरनाला जिले के तपा क्षेत्र में नए बस स्टैंड के सामने एक कबाड़ के खुले गोदाम में आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। जिससे दुकान मालिक को काफी नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह के समय सामने आई जब पड़ोसी दुकानदार निक्का सिंह अपनी दुकानें खोलने आए। उन्होंने कबाड़ के गोदाम से घना धुआं उठता देखा और तुरंत गोदाम मालिक करतार राम, निवासी रूड़के कलां को सूचित किया। करतार राम आमतौर पर सुबह आकर शाम को वापस चले जाते हैं। फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू सूचना मिलने पर, मालिक के रिश्तेदारों ने मौके पर पहुंचकर गोदाम का ताला तोड़ा। अंदर भयानक आग भड़क रही थी। जिसने प्लास्टिक, रबर के टायर, बोरियों और अन्य कबाड़ के सामान को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था। आग की भयावहता को देखते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, तब तक कबाड़ का एक बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। मालिक ने की सहायता प्रदान करने की मांग गोदाम मालिक करतार राम ने बताया कि आग में उनका लाखों रुपए का कीमती सामान जल गया है, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर चिंता व्यक्त की है और प्रशासन से आग लगने के कारणों की गहन जांच करने और पीड़ित को उचित सहायता प्रदान करने की मांग की है।


