कोटा में सुने मकान में लाखों की चोरी का खुलासा:पुलिस ने 45 लाख से अधिक नकद बरामद किए,आरोपी विशाल उर्फ घोड़ी गिरफ्तार

कोटा के जवाहर नगर थाना इलाके के तलवंडी इलाके के सेक्टर B में घर में हुई चोरी का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। जवाहर नगर पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से ₹45,30,800 कैश बरामद किया है। एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया- घटना 22 फरवरी की है, जब मकान मालिक अहमदाबाद से कोटा लौटे तो घर के ड्रॉइंग रूम के दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। जांच में करीब 45 से 50 लाख रुपये नगद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी होना सामने आया। इस पर थाना जवाहर नगर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल से तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। उद्योग नगर थाना पुलिस ने आरोपी विशाल उर्फ घोड़ी पुत्र प्रहलाद, निवासी कवाईसालपुरा जिला बांरा, हाल निवासी प्रेमनगर द्वितीय को गिरफ्तार किया गया। आरोपी से चोरी की गई 45,30,800 रुपये की राशि बरामद की गई है। पुलिस अन्य साथियों और शेष माल की बरामदगी के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में थाना जवाहर नगर और उद्योग नगर थाने की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि शहर में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *