लुधियाना में स्कूल प्रिंसिपल को भेजा धमकी भरा लेटर:दाढ़ी कटवाने-रंगवाने पर सोधा लगाने को कहा, NRI बिल्लू खालसा का भी जिक्र किया

लुधियाना जिले के कस्बा मुल्लांपुर के नजदीक गांव मोही में पड़ते अजीतसर कैंप खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल गुरमीत सिंह चावला को जान से मारने की धमकी भरा लेटर मिला है। यह घटना 25 फरवरी को सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है। डीएसपी वरिंदर सिंह खोसा ने बताया कि लेटर में प्रिंसिपल पर धार्मिक संस्था का प्रमुख होने के बावजूद दाढ़ी कटवाने और रंगने का आरोप लगाया गया है। इसमें यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि वे ऐसा करते रहेंगे तो इसका बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ेगा। “सोधा” लगाने की धमकी दी लेटर में चेतावनी दी गई है कि यदि उन्होंने यह सब बंद नहीं किया तो उनका “सोधा” लगा दिया जाएगा। धमकी भरे लेटर में गांव में चल रही संस्था संत बाबा निहाल सिंह वेलफेयर क्लब और कनाडा में रह रहे एनआरआई बिल्लू खालसा का भी जिक्र किया गया है। इस संबंध में प्रिंसिपल गुरमीत सिंह चावला और स्कूल प्रबंधन कमेटी की ओर से थाना सुधार में शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग इस मौके पर संत बाबा निहाल सिंह वेलफेयर क्लब के मुख्य नेता हरविंदरजीत सिंह खालसा ने कहा कि कुछ शरारती तत्वों द्वारा उनकी संस्था को बदनाम करने की नीयत से यह हरकत की गई है, जो असहनीय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। डीएसपी खोसा ने आश्वस्त किया कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस इस मामले को सुलझाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर काम कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *