बालोद में स्कूल वैन पुल से गिरा, मासूम की मौत:13 से अधिक बच्चे घायल, 21 बच्चों को घर छोड़ने जा रहा था ड्राइवर

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बुधवार दोपहर एक स्कूल वाहन पुल से नीचे गिर गई। दुर्घटना में 7 वर्षीय मासूम वेदांशी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 से अधिक बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस के जरिए डौंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। मरारटोला के पास हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, हादसा डौंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत छिंदगांव के आगे मरारटोला गांव के समीप हुआ। आजाद पब्लिक स्कूल, डौंडी का फोर्स वाहन स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान वाहन पुल पर अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी। ग्रामीणों के मुताबिक वाहन में 21 बच्चे सवार थे। इनमें पहली से पांचवीं कक्षा तक के छात्र-छात्राएं शामिल थे। मौके पर अफरा-तफरी, ग्रामीणों ने बचाई जानें हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वाहन से बच्चों को बाहर निकालने में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस टीम पहुंची। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। ड्राइवर को लेकर उठे सवाल प्राथमिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि वाहन स्कूल के नियमित ड्राइवर के बजाय कोई अन्य व्यक्ति चला रहा था। हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यदि यह तथ्य सही पाया जाता है तो इसे स्कूल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही माना जाएगा। जांच में जुटी पुलिस डौंडी थाना के टीआई ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। तकनीकी खामी, चालक की लापरवाही सहित सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की बात कही गई है। सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल इस घटना ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की फिटनेस, चालक की योग्यता और सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों ने प्रशासन से स्कूल वाहनों की नियमित जांच, प्रशिक्षित चालकों की नियुक्ति और ओवरलोडिंग पर सख्ती की मांग की है। जांच रिपोर्ट का इंतजार है, लेकिन इस हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *