धमतरी में तेज रफ्तार कार ने मोपेड को मारी टक्कर:बिजली के पोल से टकराकर पलटी, चार घायल

छत्तीसगढ़ के धमतरी में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक मोपेड सवार और कार में सवार तीन लोग घायल हो गए। यह हादसा कलेक्टर और एसपी बंगले के पास हुआ, जहां कार पहले मोपेड से टकराई और फिर एक बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई। रुद्री थाना क्षेत्र अंतर्गत हुई इस घटना में, तेज रफ्तार कार ने पहले एक मोपेड को टक्कर मारी। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई, जिससे खंभा उखड़ गया और बिजली के तार टूट गए। टक्कर के बाद कार लगभग 50 फीट तक घसीटती हुई पलटी। कार में सवार तीन लोग घायल घायलों में मोपेड सवार मनोज कुमार ध्रुव शामिल हैं। कार में सवार अंबिकापुर निवासी सतीश नायक, आयुषी नायक और आकांक्षा आदिल भी घायल हुए हैं, जो वर्तमान में रायपुर में रहते हैं। ये सभी धमतरी से गंगरेल बांध की ओर जा रहे थे। आसपास के लोगों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शी अमित वर्मा ने बताया कि उन्होंने कार के पास जाकर देखा तो दो लड़कियां और एक लड़का कार में फंसे हुए थे। वर्मा के अनुसार, वे सभी नशे में लग रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि कार से बाहर निकलने से पहले उन्होंने बीयर की बोतलें फेंकीं और लड़कियों को बाहर निकालते समय चप्पल छूटने के बहाने बीयर की बोतलें छिपाकर निकाली गईं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *