शाहाबाद उपखण्ड क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर बुधवार को ग्रामीण महिला सभाओं का आयोजन किया गया। यह आयोजन राजस्थान सरकार के प्लास्टिक कचरा मुक्त अभियान के तहत किया गया, जिसमें महिलाओं को सूखे और गीले कचरे के पृथक्करण की जानकारी दी गई। इन सभाओं में महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। उन्हें प्लास्टिक के दुष्प्रभावों और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक (SUP) के उपयोग से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया गया। महिलाओं को दैनिक जीवन में प्लास्टिक के पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान प्लास्टिक कचरा एकत्रित कर कचरा पात्रों में डाला गया। सभी विभागों के कर्मचारियों ने भी प्लास्टिक और कचरा मुक्त वातावरण बनाने का संकल्प लिया। यह महिला सभाएं ग्राम पंचायत देवरी, कस्बाथाना, समरानिया, नाटई, खुशियारा, आगर, बीलखेड़ा डांग, बीलखेड़ा माल, भोयल, कस्बा नोनेरा, मझारी, बाल्दा, मूंडियर, कलोनी, ढिकवानी, राजपुर, बेंटा, खटका, गणेशपुरा, निवाड़ी, दांता और सनबाड़ा सहित सभी पंचायतों में आयोजित की गईं। सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान में रोजाना भाग लेकर स्वच्छता गतिविधियों को जारी रखने की शपथ भी दिलाई गई।


