गाड़ी संख्या ट्रेन संख्या 18206 नौतनवा–दुर्ग एक्सप्रेस में शराब पीकर बुजुर्ग से अभद्रता करने के मामले में दो युवकों पर रेलवे ने FIR दर्ज की है। जानकारी के मुताबिक नौतनवा–दुर्ग एक्सप्रेस में यात्रा कर रहीं 68 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक महिला उषा शुक्ला ने रेल प्रशासन से शिकायत की थी। वे अपने बुजुर्ग पति के साथ 22 फरवरी को अयोध्या से रायपुर की यात्रा कर रही थीं। शिकायत के अनुसार भाटापारा से रायपुर के बीच चलती ट्रेन में दो यात्री ए1 कोच के कॉरिडोर अटेंडेंट कैबिन में खुलेआम शराब का सेवन कर रहे थे। बर्थ से मिली शराब की बोतलें इसके बाद दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के निर्देश पर जांच की गई। जांच में यह भी पाया गया कि दोनों यात्री शराब के नशे में थे और उन्होंने वरिष्ठ नागरिक महिला से दुर्व्यवहार किया। इससे बुजुर्ग दंपति को मानसिक तनाव और असुरक्षा का सामना करना पड़ा। आरोपी प्रवीण सिंह की आवंटित बर्थ से शराब की बोतलें भी मिली हैं, जिससे आरोपों की पुष्टि हुई है। रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह कृत्य रेलवे नियमों और रेलवे अधिनियम की धारा 145 का उल्लंघन है। इस मामले में वरिष्ठ वाणिज्य निरीक्षक टी. नाग द्वारा शिकायत के आधार पर जांच कराई गई। जांच प्रतिवेदन के बाद प्रथम सूचना दर्ज की गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। रेल मदद ऐप और 139 पर तुरंत करें शिकायत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान शिष्टाचार और रेलवे नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि इस तरह की किसी भी घटना की सूचना तुरंत रेल मदद ऐप या 139 हेल्पलाइन नंबर पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


