विधानसभा में चल रहे गतिरोध के बीच आज (गुरुवार) बजट पर डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री दीया कुमारी जवाब देंगी। इस दौरान दीया कई घोषणाएं भी करेंगी। बजट बहस में जिन विधायकों ने अपने इलाकों को लेकर मांगें रखी हैं, उन्हें भी शामिल किया जा सकता है। फिलहाल कांग्रेस का विरोध जारी है। अभी तक की रणनीति के अनुसार कांग्रेस के सभी विधायक मंगलवार की तरह आज भी विधानसभा के गेट पर धरना देंगे। सदन में नहीं जाएंगे। सरकार की तरफ से वार्ता का प्रस्ताव नहीं आएगा तो गतिरोध जारी रहने के आसार हैं। विधानसभा में बजट बहस पर कांग्रेस विधायक केवल एक दिन ही बोले हैं। उसके बाद से इंदिरा गांधी पर सामाजिक न्याय व आधिकारिता विभाग के मंत्री अविनाश गहलोत की टिप्पणी के कारण पिछले शुक्रवार से ही गतिरोध बना हुआ है। गतिरोध टूटने पर अभी तक सहमति नहीं बनी है। बजट बहस पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का भाषण होगा या नहीं यह गतिरोध टूटने पर निर्भर है। गतिरोध बरकरार रहा तो नेता प्रतिपक्ष का बजट बहस में भाषण नहीं होगा। गतिरोध नहीं टूटा तो कांग्रेस की गैर मौजूदगी में ही होगा वित्त मंत्री का जवाब
विधानसभा में गतिरोध नहीं टूटा तो बजट बहस पर सरकार की तरफ से वित्त मंत्री का जवाब कांग्रेस विधायकों की गैर मौजूदगी में ही होगा। राजस्थान विधानसभा के इतिहास में ऐसा कम ही हुआ है। जब मुख्य विपक्षी दल की गैर मौजूदगी में वित्त मंत्री ने बजट बहस पर जवाब दिया हो।


