डूंगरपुर में रीट पात्रता परीक्षा की पहली पारी जारी है। जिले में 44 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा हो रही है। जिसमें 14 हजार 616 स्टूडेंट परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा में एंट्री के लिए स्टूडेंट को कई तरह की जांच से गुजरना पड़ा। बायोमेट्रिक और फेस रिकॉग्नाइजेशन से एंट्री मिली। इससे पहले स्टूडेंट को नकल से बचने के लिए चेतावनी भी दी गई। रीट पात्रता परीक्षा के लिए सुबह 6 बजे से सभी 44 परीक्षा सेंटर पर स्टूडेंट और पेरेंट्स का पहुंचना शुरू हो गया। सेंटर के बाहर ही स्टूडेंट के रोल नंबर और रूम नंबर की लिस्ट चस्पा की गई थी, जहां स्टूडेंट्स की भीड़ रही। वहीं सुबह 8 बजे से एग्जाम सेंटर में एंट्री शुरू हुई। गेट पर ही पुलिस के साथ एग्जामिनर की टीम स्टूडेंट को नकल नहीं करने की हिदायत देते नजर आए। गेट पर स्टूडेंट के एडमिट कार्ड, आईडी कार्ड की जांच के साथ ही उनकी तलाशी ली गई। उसके बाद उनकी गेट के अंदर एंट्री शुरू हुई। पहली बार सेंटर पर मेटल डिटेक्टर से भी स्टूडेंट की जांच की गई। इसके बाद सेकंड लेवल पर स्टूडेंट के बायोमेट्रिक और फेस इकोग्नाइजेशन से अटेंडेंस ली गई। एडमिट कार्ड और आईडी के साथ ही बायोमेट्रिक में स्टूडेंट की पुष्टि के बाद सेंटर में एंट्री मिली। वहीं एग्जाम रूम में एंट्री से पहले फिर जांच की गई। त्रिस्तरीय जांच के बाद सुबह 10 बजे से पहला पेपर शुरू हुआ, जबकि 9 बजे से एग्जाम सेंटर में स्टूडेंट की एंट्री बंद कर दी। दूसरी पारी की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शुरू होगी। जिसकी एंट्री दोपहर 1 बजे से शुरू हो जाएगी। डूंगरपुर जिले में 29 सरकारी और 15 प्राइवेट परीक्षा केंद्रों पर तीन परियों में कुल 29 हजार 218 स्टूडेंट परीक्षा देंगे।


