भीलवाड़ा में सनातन महोत्सव पर हेलिकॉप्टर से बरसाए फूल:शोभायात्रा में देशभर से आए संत हुए शामिल; दीक्षा दान का महापर्व कल

भीलवाड़ा में बुधवार को आठ दिवसीय सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह के तहत संत दर्शन एवं सनातन शोभायात्रा निकाली गई। इसमें जिले के अलावा अन्य हिस्सों से भी श्रद्धालु शामिल हुए और माहौल को सनातनमय बना दिया। दरअसल, जिले में हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर के तत्वावधान में इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत चारों ओर भगवा पताकाएं लहराई गई और जयकारों की गूंज रही। शोभायात्रा में श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए और नाचते-गाते दीक्षार्थी इन्द्रदेव, सिद्धार्थ व कुनाल को मंगलकामनाएं अर्पित कीं। बुधवार को अयोध्या नगर (दूधाधारी मंदिर) से शोभायात्रा संत-महापुरुषों के सान्निध्य में प्रभात फेरी मंडलियां, ढोल-नगाड़े, शंख-नाद और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ यात्रा आगे बढ़ी। नगर परिक्रमा करते हुए यह शोभायात्रा दोपहर बाद में हरि शेवा धाम पहुंची। रास्ते भर पुष्पवर्षा हुई, तोरणद्वार सजे और घर-घर से आरती उतारी गई। शोभायात्रा पर हेलिकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा
संत दर्शन एवं सनातन शोभायात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालुओं पर जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई। शोभायात्रा के नेताजी सुभाष मार्केट एवं स्टेशन चौराहा पहुंचने पर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। हेलिकॉप्टर से पुष्प बरसते देख श्रद्धालु रोमांचित हो गए। विभिन्न सामाजिक संगठनों ओर समाजसेवियों द्वारा भी शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा की गई। पहले देखिए- आयोजन से जुड़ी तस्वीरें देशभर से आए संत
शोभायात्रा में देश के कोने-कोने से आए सैकड़ों संतों के दर्शन करने अनुयायी उमड़े। शोभायात्रा में उदासीन कार्ष्णि पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी गुरूशरणानंद महाराज रमणरेती गोकुल वन मथुरा, महामंडलेश्वर स्वामी शरणानंद पठानकोट, महामंडलेश्वर भगवत स्वरुप दास, महामंडलेश्वर अरुण दास, मेवाड महामंडलेश्वर स्वामी हितेश्वरानंद सरस्वती, श्रीमहंत धर्मेंद्र दास, श्रीमहंत दामोदर दास, महंत भरत दास, महंत शिवमुनि, महंत शांतानंद, महंत श्रीचंद्र दास, महंत प्रभल मुनि, महंत स्वरुप दास उदासीन, महंत भरपूर दास, महंत शांतानंद जलंधर, महंत महात्मा मुनि सहित श्री संतों का सानिध्य मिला। ढोल की गूंज और महाकाल की हुंकार
शोभायात्रा में नासिक, जम्मू और उड़ीसा की ढोल टीमों की दमदार प्रस्तुति, शिव बारात की दिव्य झांकी और उज्जैन से आई महाकाल की टीम ने भी प्रस्तुति दी। हर चौराहे पर ‘बम-बम भोले’ के जयकारों की गूंज रही। इस दौरान शहर के बालक- बालिकाओं के अखाड़ों ने भी प्रदर्शन किया। धर्म भक्ति के साथ राष्ट्र भक्ति का संगम
संत दर्शन एवं सनातन शोभायात्रा धर्म भक्ति के साथ राष्ट्र भक्ति का संगम बन गई। शोभायात्रा में जय श्री राम, जय श्री कृष्णा, जय सनातन के साथ वंदे मातरम व भारत माता के जयकारे भी गूंजायमान होते रहे। बैंड पर धार्मिक भजनों के साथ राष्ट्रभक्ति के गीत भी गूंजते रहे। शोभायात्रा में देवी देवताओं की सजीव झांकियों के साथ भारत माता, झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, वीर शिवाजी जैसी सजीव झांकिया भी शामिल थी। शोभायात्रा में सनातनी रंग में रंगे श्रद्धालुओं के साथ राष्ट्र रक्षा का कर्तव्य निभाने वाले पूर्व सैनिक भी गौरव के साथ शामिल हुए। शोभायात्रा स्टेशन चौराहा पहुंचने पर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यापर्ण भी किया गया। दीक्षा दान का महापर्व कल
आठ दिवसीय सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह के अंतिम दिन 26 फरवरी गुरुवार को सुबह 9 बजे से हरि शेवा आश्रम परिसर में महामंडलेश्वर एवं संत महात्माओं के सान्निध्य में भव्य दीक्षा दान समारोह आयोजित होगा। इसमें शामिल होने के लिए देश के विभिन्न क्षेत्रों के साथ अमरीका, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप के विभिन्न क्षेत्रों से भी श्रद्धालु भीलवाड़ा पहुंचे है। दोपहर 1 बजे से ‘एक संगत एक पंगत एक भाषा एक भूषा’ के भाव के साथ समष्टि भंडारे का आयोजन अग्रवाल उत्सव भवन (रोडवेज बस स्टैंड के सामने) में किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *