भास्कर न्यूज | लुधियाना चंडीगढ़ रोड स्थित नवनिर्मित श्री खाटू श्याम सालासर मंदिर में आयोजित 8 दिवसीय श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव के चौथे दिन श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। ट्रस्टी प्रदीप मित्तल, संदीप अग्रवाल, एलआर मित्तल और अनिल मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित इस संकीर्तन में बाबा श्याम के भजनों पर भक्त पूरी तरह से भाव-विभोर नजर आए। महोत्सव की शुरुआत आचार्य दीपक पांडे और पंडितों की टोली द्वारा विधिवत मंत्रोच्चारण और पूजन के साथ हुई। इस दौरान प्रदीप मित्तल परिवार द्वारा बाबा श्याम का अलौकिक शृंगार किया गया। धुरी से आए भजन गायक विशाल गोयल ने आ गया मैं दुनियादारी सारी बाबा छोड़ के, लेने आजा खाटू वाले रींगस के उस मोड़ पे जैसे भजनों की प्रस्तुति दी तो पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। ट्रस्टी प्रदीप मित्तल ने भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा के दरबार में वही हाजिरी लगा पाता है, जिसे साक्षात श्याम प्रभु का बुलावा आता है। उन्होंने बताया कि संकीर्तन के माध्यम से बाबा ने अपनी अद्भुत छटा बिखेरी है। कार्यक्रम के अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक समागम में संजय अग्रवाल, नीपम गोयल, अतुल वालिया, संदीप गोयल, विनय कुमार, हर नारायण गर्ग, एच.एल. सिंगल, अशोक गुप्ता, दीपक मित्तल, हरीश गर्ग, अभिषेक गुप्ता, विनोद गोयल, मनीष बाजरी, विजय भल्ला, बलराज शर्मा व धीरज सिंगला आदि उपस्थित रहे।


