भास्कर न्यूज | लुधियाना दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा सेक्टर 32ए चंडीगढ़ रोड स्थित बीसीएम स्कूल के सामने आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के छठे दिन श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति का भव्य संगम देखने को मिला। कथा के मुख्य यजमान साजन अग्रवाल, सुनीता अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, सोनम अग्रवाल और दैनिक यजमान आरडी शर्मा, मुकेश कपूर, रेखा कपूर, राकेश कपूर एवं विकास उप्पल ने विधिवत पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। दिव्य गुरु आशुतोष महाराज की शिष्या साध्वी सुश्री वैष्णवी भारती ने श्रीकृष्ण के मथुरागमन और कंस वध की लीलाओं का अत्यंत मार्मिक वर्णन किया। उन्होंने बताया कि जब अक्रूर जी कन्हैया और दाऊ को लेने वृंदावन आए तो पूरे गांव में उदासी छा गई। साध्वी ने कहा कि कृष्ण का मथुरा जाना केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि एक अत्याचारी सत्ता के अंत और धर्म की स्थापना का संकल्प था। जब प्रभु ने कंस का वध किया तो वर्षों पुरानी आकाशवाणी सत्य हुई और चारों ओर सत्यमेव जयते का जयघोष हुआ। कथा के दौरान साध्वी ने अध्यात्म को राष्ट्रवाद से जोड़ते हुए कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें अपने आदर्शों के प्रति अडिग रहना सिखाता है। उन्होंने कंस वध के प्रसंग की तुलना भारतीय सैनिकों के शौर्य से करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए शस्त्र उठाना हिंसा नहीं बल्कि परम शौर्य है। इस पावन अवसर पर पूर्व विधायक सुरिंदर डाबर, भाजपा जिला प्रधान रजनीश धीमान, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन तरसेम सिंह भिंडर, पूर्व डीजीपी डॉ. डीआर भट्टी और पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर श्याम सुंदर मल्होत्रा सहित शहर की कई प्रमुख राजनीतिक व सामाजिक हस्तियों ने ज्योति प्रज्वलित कर प्रभु का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर स्वामी यशेश्वरानंद, स्वामी विनयानंद और साध्वी पुण्या भारती व वीणा भारती की मधुर भजनों की प्रस्तुति पर हजारों श्रद्धालु झूम उठे। इस मौके पर डॉ. सुभाष वर्मा, हरिंदर भोलू, इंदर अग्रवाल, आरके वर्मा आदि उपस्थित रहे।


