भास्कर न्यूज | लुधियाना| नूरवाला रोड स्थित सन्यास नगर में कथित तौर पर मिलावटी शराब पीने से तीन लोगों की मौत के मामले में एनएचआरसी ने संज्ञान लिया है। आयोग ने इस मामले में अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट डिप्टी कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर से मांगी है। दोनों अधिकारियों को चार सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं। यह कार्रवाई सोशल वर्कर कीमती रावल की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मामले में शामिल आरोपियों को राजनीतिक पहुंच के कारण बचाया जा सकता है। इसी को लेकर जांच केंद्रीय एजेंसियों से कराने की मांग भी उठाई गई है, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके। गौरतलब है कि 22 मई 2025 को सन्यास नगर में देवी, रिंकू और मंगतराय की कथित तौर पर मिलावटी शराब पीने से मौत हो गई थी। उस समय थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस ने पीड़ित परिवारों के बयानों के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। एक्साइज विभाग ने भी अलग से जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित ठेके से शराब के सैंपल लिए थे। पोस्टमार्टम के बाद विसरा फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया। हालांकि अब तक जांच किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। थाना बस्ती जोधेवाल के इंस्पेक्टर जसवीर सिंह ने बताया कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी। मौत के सही कारण स्पष्ट होने पर ही निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


