लुधियाना| नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत शहर की अलग-अलग थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। थाना डेहलों की पुलिस ने गांव आलमगीर निवासी राज कौर उर्फ गुड्डी को 30 नशीली गोलियों सहित काबू किया। थाना डिवीजन नंबर-7 की टीम ने टिब्बा रोड निवासी राहुल को बिहारी कॉलोनी की झुग्गियों के पास से 58 संतरी रंग की नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार किया। थाना कोतवाली पुलिस ने मनजीत नगर निवासी कमलप्रीत सिंह उर्फ जोनी को लक्कड़ पुल रेलवे लाइनों के पास नशा करते पकड़ा। थाना जोधेवाल पुलिस ने गांव काकोवाल में दबिश देकर उत्तम कॉलोनी मेहरबान निवासी कृष्णा नाथ को काबू किया। थाना डिवीजन नंबर-3 पुलिस ने फतेहगढ़ साहिब निवासी मनिंदर सिंह उर्फ मनी को हरचरण नगर के क्रिकेट पार्क के पास से गिरफ्तार किया। थाना डाबा पुलिस ने लोहारा की सब्जी मंडी के पीछे से बसंत नगर डाबा निवासी राजू वर्मा उर्फ लोना उर्फ झोना को नशा करते पकड़ा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी और सेवन के खिलाफ विशेष मुहिम आगे भी जारी रहेगी। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।


