संभाग स्तरीय भजन प्रतियोगिता में कांकेर की जय बजरंग मानस मंडली चौथे स्थान पर

भास्कर न्यूज | कांकेर एकल अभियान एवं श्री हरि कथा प्रसार योजना के तत्वाधान में 24 फरवरी को रायपुर स्थित पाटीदार सामाजिक भवन में संभाग स्तरीय सत्संग मंडली भजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ संभाग की 15 मंडलियों ने भाग लेकर भक्ति, संस्कृति और लोक परंपराओं की मनमोहक प्रस्तुति दी। कांकेर अंचल के संच नरहरपुर अंतर्गत ग्राम डूमरपानी की जय बजरंग मानस मंडली ने अंचल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में प्रवेश किया। संभाग स्तर पर मंडली ने उत्कृष्ट प्रस्तुति देते हुए चतुर्थ स्थान हासिल किया। कार्यक्रम प्रातः 9 बजे प्रारंभ हुआ और शाम 5 बजे मुख्य अतिथियों के उद्बोधन के साथ संपन्न हुआ। पूरे दिन भजन, सत्संग, नृत्य और लोक संस्कृति की प्रस्तुतियों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। विभिन्न मंडलियों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा, क्षेत्रीय भाखा-बोली और लोक वाद्ययंत्रों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत किया। जय बजरंग मानस मंडली के सदस्यों ने गायन, व्याख्यान और वाद्ययंत्रों की संगत से प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने खूब सराहा। इस अवसर पर अंचल कांकेर से संस्कार शिक्षा सचिव पदमिनी साहू, अंचल अभियान प्रमुख वीरेंद्र अतकारी, अंचल साधक अनिता मरकाम, रताय नेताम, शांति मरकाम सहित जय बजरंग मानस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि ऐसे आयोजन न केवल भक्ति भावना को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में संस्कार, संस्कृति और सामाजिक एकता को भी बढ़ावा देते हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों की मंडलियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। कांकेर अंचल की मंडली की उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है और इसे अंचल के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *