जागरूक युवा ही सुरक्षित समाज की मजबूत नींव: सिंह

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, यूनिसेफ, सर्वहितम और एग्रीकोन फाउंडेशन के संयुक्त प्रयासों से कलेक्ट्रेट के मंत्रणा हॉल में संवाद संस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य जिले के युवाओं और स्वयंसेवकों को साइबर सुरक्षा, व्यक्तित्व विकास और शिक्षा के प्रति जागरूक कर सकारात्मक दिशा प्रदान करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर रोहित व्यास ने युवाओं के बीच संवाद की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने यूनिसेफ द्वारा संचालित ‘आज क्या सीखा’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल बच्चों और अभिभावकों के बीच की दूरी कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं इस सूत्र को अपने जीवन में अपनाते हैं और अपने बच्चों के साथ प्रतिदिन चर्चा करते हैं, जिससे परिवार में बेहतर संवाद और समझ विकसित होती है। डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने अपने उद्बोधन में वर्तमान समय की बड़ी चुनौती ‘साइबर क्राइम’ पर स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सजग और जागरूक युवा ही सुरक्षित समाज की मजबूत नींव रख सकते हैं। उन्होंने युवाओं से साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और समाज को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। परीक्षा के दौरान मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास के महत्व पर योगेश पुरोहित ने विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि परीक्षा में सफलता के लिए सकारात्मक सोच और तनाव प्रबंधन आवश्यक है। मनीष तोमर ने ‘आज क्या सीखा’ अभियान के तहत घर में पढ़ाई के लिए एक निश्चित स्थान निर्धारित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन का वातावरण बच्चों की एकाग्रता और प्रदर्शन को बेहतर बनाता है। कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए शालिनी गुप्ता ने स्वयंसेवकों की सामाजिक भागीदारी और उनकी जिम्मेदारियों को रेखांकित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन कुनकुरी विकासखंड समन्वयक पंकज यादव ने किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *