कोरिया में पर्यटन की अपार संभावनाएं: त्रिपाठी

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर कोरिया जिले के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला कौशल विकास समिति की बैठक संपन्न हुई। कलेक्टर चंदन त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जिले की क्षमताओं को पहचान कर अगले 10-15 वर्षों की दूरगामी योजना तैयार करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि कोरिया जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इसे विकसित करने के लिए स्थानीय स्तर पर टूरिस्ट सर्किट विकसित किए जाएंगे। युवाओं को टूरिस्ट गाइड जैसा विशेष प्रशिक्षण देकर पर्यटन गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। चैंबर ऑफ कॉमर्स के माध्यम से स्थानीय व्यंजनों और हस्तशिल्प उत्पादों के लिए विशेष दुकानें स्थापित करने का आग्रह किया गया, ताकि जिले के उत्पादों को पहचान मिल सके। बाजार की बढ़ती मांग को देखते हुए कलेक्टर ने विभिन्न तकनीकी पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसमें सोलर पैनल इंस्टॉलेशन, सोलर ईवी चार्जिंग स्टेशन जूनियर टेक्नीशियन, सीसीटीवी इंस्टॉलेशन, मोबाइल रिपेयरिंग, प्लम्बर और राजमिस्त्री, ट्रैक्टर ऑपरेटर, टैक्सी ड्राइवर और जल वितरण संचालक शामिल है। कलेक्टर त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि जिले के विकास के लिए युवाओं का निजी क्षेत्र में सक्रिय होना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सिद्ध पोर्टल के माध्यम से चयनित पाठ्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। बैठक में कृषि, वन प्रबंधन और फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में भी कौशल विकास के जरिए स्वरोजगार बढ़ाने पर चर्चा हुई। इस अवसर पर डीएफओ चंद्रशेखर शंकर सिंह परदेशी, जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, एसईसीएल प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी और एनजीओ प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *