कासं|सवाईमाधोपुर दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान प्रदर्शन करने वाले यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष को दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने के विरोध में बुधवार को सवाई माधोपुर में यूथ कांग्रेस एवं एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के समक्ष प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। इस दौरान एनएसयूआई एवं यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प हो गई, जिस पर पुलिस ने एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष आसिम खलीफा एवं कार्यकर्ता मनोज मीणा को हिरासत में लेने के 4 घंटे बाद रिहा कर दिया। एनएसयूआई एवं यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता बजरिया स्थित महावीर पार्क में एकत्र हुए और फिर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाते रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां उन्होंने कलेक्ट्रेट के समक्ष प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। इस दौरान प्रदर्शनकारी कलेक्टर को मौके पर बुलाकर ज्ञापन लेने की जिद पर अड़ गए। कलेक्टर के नहीं आने पर कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठ गए। जब पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो एनएसयूआई एवं यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी करने लगे और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान एनएसयूआई एवं यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई, जिस पर पुलिस ने सख्ती दिखाई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री के इशारों पर संसद में राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया जाता। जब युकां कार्यकर्ताओं ने एआई समिट के दौरान प्रदर्शन किया तो केंद्र ने पुलिस भेज गिरफ्तार करवा दिया।


