भास्कर न्यूज | झालावाड़ शहर में रोजाना हो रही अघोषित बिजली कटौती के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि बिना पूर्व सूचना के पिछले 2-3 दिन से, 2 से 3 घंटे तक बिजली काटी जा रही है, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि वर्तमान में रमजान का महीना चल रहा है। रोजेदारों को बिजली की विशेष आवश्यकता रहती है, वहीं मस्जिदों में नमाज के समय अंधेरा छा जाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारी फोन तक नहीं उठाते और बकाया बिलों की वसूली के नाम पर कनेक्शन काटे जा रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि यदि बिजली कटौती करनी हो तो उसका समय पूर्व निर्धारित किया जाए, असीमित समय के लिए सप्लाई बाधित नहीं की जाए। मामले में जयपुर डिस्कॉम जेवीवीएनएल के टीआई सोनी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि आगे से बिना सूचना के बिजली कटौती नहीं की जाएगी। साथ ही किसी भी फीडर पर एक घंटे से अधिक कटौती नहीं करने पर सहमति जताई। इस दौरान आमिर खान, फरीद चौधरी, पूर्व पार्षद फारूक अहमद, नफीस खान, आजाद खान, अतीक खान, शिवराज रेगर तथा नगर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजपाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन में बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेसजन आम जनता के साथ जेवीवीएनएल कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन कर अधीक्षण अभियंता का घेराव करेंगे।


