झूलेलाल जन्मोत्सव को लेकर बैठक

शहर के सिंधु पैलेस में मंगलवार शाम 8 बजे समाज अध्यक्ष टीकमदास खियानी की अध्यक्षता में पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी 20 मार्च को मनाए जाने वाले झूलेलाल जन्मोत्सव (चेटीचंड पर्व) के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई तथा तैयारियों की जानकारी ली गई। बैठक में मेला संयोजक प्रकाश मनवानी एवं लक्ष्मण नैनवानी ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा समाज के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत की। मेला संयोजक प्रकाश मनवानी ने बताया कि जन्मोत्सव कार्यक्रमों की शुरुआत 6 मार्च से 8 मार्च तक आयोजित होने वाली तीन दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता से होगी। इसके बाद 16 एवं 17 मार्च को महिलाओं और बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताएं शहर के सिंधु पैलेस भवन में आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि 19 मार्च से 21 मार्च तक तीन दिवसीय मेले का आयोजन किया जाएगा। चेटीचंड की पूर्व संध्या 19 मार्च को वाहन रैली निकाली जाएगी तथा शाम को सुंदर काण्ड पाठ का आयोजन होगा। 20 मार्च (मुख्य दिवस) पर प्रातः ध्वजारोहण एवं महाआरती के बाद शहर के मुख्य मार्गों से शोभायात्रा निकाली जाएगी। वहीं शाम को झूलेलाल चौक में बहिराणा साहिब का आयोजन किया जाएगा तथा रात्रि में सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी। मेले के अंतिम दिन 21 मार्च को सिंधु पैलेस भवन में लंगर प्रसादी का आयोजन किया जाएगा। शाम 5 बजे बहिराणा साहिब तथा रात्रि में भक्ति संध्या के साथ कार्यक्रमों का समापन होगा। बैठक में समाज के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे तथा कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *