कवर्धा| पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय महाराजपुर, के विद्यार्थियों को 24 एवं 25 फरवरी को शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाया गया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा-कक्ष की पढ़ाई से आगे बढ़ाकर व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना व उनमें जिज्ञासा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और पर्यावरणीय चेतना का विकास करना था। प्राचार्य सुशील कुमार ने विद्यार्थियों को हरी झंडी दिखा रवाना किया। कार्यक्रम अंतर्गत कक्षा 6वीं (अ एवं ब) के विद्यार्थियों ने भिलाई के मैत्री बाग का भ्रमण किया। यहां विद्यार्थियों ने विभिन्न वन्य जीवों, पक्षियों और प्राकृतिक वातावरण का अवलोकन किया। प्राचार्य ने बताया कि इस दौरान उन्हें जैव विविधता, वन्य जीव संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के महत्व की जानकारी मिली, जिससे प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता बढ़ी। वहीं कक्षा 7वीं से 9वीं तक के विद्यार्थियों को विज्ञान केंद्र रायपुर ले जाया गया। उन्होंने बताया कि विज्ञान केंद्र में छात्रों ने विभिन्न वैज्ञानिक सिद्धांतों को प्रयोगों, मॉडलों और इंटरैक्टिव प्रदर्शनों के माध्यम से समझा। यह अनुभव उनके लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक रहा और विज्ञान विषय के प्रति रुचि व उत्साह में वृद्धि हुई।


