भास्कर न्यूज | राजिम दिल्लीवार क्षत्रिय कुर्मी समाज द्वारा ग्राम चंदना में वीर शिरोमणि छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती एवं समाज का वार्षिक अधिवेशन श्रद्धा, उत्साह और गारिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत समाज की महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। शिवाजी महाराज के जयकारों से पूरा ग्राम गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुरूद विधायक के प्रतिनिधि प्रतिभा अजय चंद्राकर उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि शिवाजी महाराज साहस, स्वाभिमान और सुशासन के प्रतीक थे। उनका जीवन राष्ट्रहित, धर्मरक्षा और समाज उत्थान के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने समाज की एकजुटता और शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता की सराहना की। विशेष अतिथि पूर्व जनपद अध्यक्ष श्याम साहू ने कहा कि शिवाजी महाराज ने सीमित संसाधनों में भी अद्वितीय संगठन शक्ति और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। समाज को उनके आदर्शों पर चलते हुए युवा पीढ़ी को संस्कार और शिक्षा से सशक्त बनाना चाहिए। जनपद अध्यक्ष मगरलोड बीरेंद्र साहू ने सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि संगठित समाज ही विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है। जिला पंचायत सदस्य मीना डेमू साहू ने महिलाओं की भागीदारी को समाज की शक्ति बताते हुए शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया। सरपंच जीवन लाल यादव ने ग्राम स्तर पर सामाजिक एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया, वहीं जनपद सदस्य अनीता देशमुख ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता और आपसी सद्भाव को बढ़ाते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजिम सर्किल प्रधान कुर्मी समाज के जवाहर लाल वर्मा ने की। उन्होंने कहा कि समाज की उन्नति शिक्षा, संगठन और संस्कार के त्रिवेणी संगम से ही संभव है। युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया गया। अधिवेशन के दौरान समाज के वरिष्ठजनों का शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। विशेष रूप से सीए बने चुम्मा लाल वर्मा का समाज द्वारा अभिनंदन किया गया। उनके माता-पिता ने मंच पर सम्मान ग्रहण कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक जन उपस्थित रहे। आयोजन ने एकता, संस्कृति और सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश दिया।


