भास्कर न्यूज | अंबिकापुर संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग (यूटीडी) द्वारा बुधवार को तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। स्थानीय गांधी स्टेडियम के मल्टीपर्पज इंडोर हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन कुलपति प्रो. राजेंद्र लाकपाले ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और बैडमिंटन मैच का टॉस उछालकर किया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. लाकपाले ने कहा कि खेल शिक्षा का अनिवार्य हिस्सा हैं। उन्होंने कहा शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक मजबूती के लिए खेल अनिवार्य हैं। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, धैर्य और टीम भावना जैसे गुणों का विकास होता है, जो भविष्य की सफलता के लिए आधारशिला हैं। कुलसचिव डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से परिसर में सकारात्मक ऊर्जा और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण निर्मित होता है। प्रतियोगिता के प्रथम दिन विभिन्न विधाओं में खिलाड़ियों ने अपना कौशल दिखाया। बैडमिंटन (सिंगल्स) बालक वर्ग में शुभम जायसवाल ने पहला, अनमोल बारी ने दूसरा, बैडमिंटन (सिंगल्स) बालिका वर्ग में शिवानी राजवाड़े ने पहला, सौम्या सिंह ने दूसरा, बैडमिंटन (डबल्स) बालक वर्ग में थकेश्वर पैंकरा व सिमंत सिंह ने पहला और टेबल टेनिस बालक/बालिका वर्ग में अनमोल बारी/ रिया राजवाड़े ने पहला स्थान हासिल किया। खेल स्पर्धाओं के साथ-साथ बौद्धिक और रचनात्मक गतिविधियों जैसे शतरंज, कैरम, पेंटिंग और रंगोली में भी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापकों और खेल विभाग के समन्वय से आयोजित यह खेल उत्सव 27 फरवरी तक जारी रहेगा। आगामी दिनों में अन्य एथलेटिक्स और टीम स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। आयोजन के संचालन में खेल विभाग के कर्मचारियों और प्राध्यापकों का विशेष योगदान रहा।


