दुर्ग और भिलाई के इन सात जगहों से कल सुबह निकलेगी यात्राएं

कम्युनिटी रिपोर्टर | ​दुर्ग/भिलाई फाल्गुन शुक्ल पक्ष की एकादशी पर कल यानी 27 फरवरी को पूरी ट्विनसिटी खाटू श्याम बाबा की भक्ति में डूबी रहेगी। रंग बिरंगे निशान हाथों में लेकर हजारों भक्त अपने-अपने क्षेत्र से निकलेंगे और कई किलोमीटर की पैदल यात्रा कर कादंबरी नगर दुर्ग के खाटू श्याम मंदिर पहुंचेंगे। यहां बाबा के शृंगार के साथ ही मंदिर को फूलों से सजाया जा रहा है। दुर्ग में जहां निशान यात्रा सत्ती चौरा दुर्गा मंदिर गंजपारा, दीपक नगर, सुभाष नगर और औद्योगिक नगर से निकलेगी। वहीं भिलाई में वैशालीनगर शिव मंदिर से, नेहरू नगर से श्याम भक्त मंडल और राधाकृष्ण मंदिर खुर्सीपार से बाबा भक्त मंडल भव्य विशाल सूरजगढ़ यात्रा निकालेगा। इस दौरान बाबा का भव्य श्रृंगार, सूरजगढ़ निशान, बालाजी हनुमान जी का निशान, झुंझुनू वाली रानी सती दादी का निशान प्रमुख आकर्षण रहेगा। यात्रा में फूलों और गुलाल की होली खेली जाएगी। पिछले एक सप्ताह से दुर्गा मंदिर गंजपारा में महिलाएं और युवा मिलकर अपने हाथों से बाबा का निशान तैयार कर रहे हैं। निशान में बाबा का ध्वज, नारियल, मोर पंख, मौली धागा जैसी विभिन्न सामग्री से एक निशान तैयार किया जा रहा है। 1100 सौ से अधिक निशान बनाए जा रहे हैं। इसके एक दिन पहले 26 फरवरी को खुर्सीपार के राधाकृष्ण मंदिर में जहां सूरजगढ़ निशान की पूजा की जाएगी तथा पूजा के बाद ताली कीर्तन होगा। वहीं गंजपारा दुर्ग में भजन संध्या होगी। खुर्सीपार में आज निशान पूजा के बाद होगा ताली कीर्तन बाबा भक्त मंडल द्वारा विशाल सूरजगढ़ निशान यात्रा शुक्रवार सुबह 6.01 पर राधाकृष्ण मंदिर न्यू खुर्सीपार से श्याम मंदिर कादंबरी नगर जाएगी। यात्रा में बाबा का श्रृंगार कर रथ पर सजाया जाएगा। बैंड बाजों के साथ सैकड़ों भक्त बाबा का निशान उठाएंगे। यात्रा के एक दिन पूर्व गुरुवार शाम 4 बजे सूरजगढ़ निशान की पूजा की जाएगी। पूजा के बाद ताली कीर्तन के वार्षिक उत्सव पर ताली कीर्तन तथा शादी की व्यवस्था की गई है। बाबा भक्त मंडल ने सभी नागरिकों को यात्रा के लिए आमंत्रित किया। यात्रा की तैयारी पूरी हो चुकी है। यहां 27 फरवरी को निशान यात्रा निकलेगी। यात्रा सुबह 7 बजे सत्तीचौरा मंदिर से शनिचरी बाजार, सदर बाजार, इंदिरा मार्केट, पोलसाय पारा चौक, स्टेशन रोड, अग्रसेन चौक, शहीद चौक, धमधा नाका ओवरब्रिज के ऊपर से कादंबरी नगर श्री श्याम मंदिर पहुंचेगी। समिति के योगेंद्र शर्मा बंटी ने बताया कि उससे पहले 26 फरवरी को शाम 7 बजे भजन संध्या का आयोजन किया गया है, जिसमें गोदिया महाराष्ट्र के प्रसिद्ध भजन गायक सुनील कालोया और सागर मांग्रेलिया द्वारा बाबा के सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *