गलियों में भरा सीवरेज का गंदा पानी, पार्क में झूले टूटे

भास्कर न्यूज | अमृतसर पश्चिम हलके के अंतर्गत आने वाले वार्ड नंबर 77 के निवासी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से परेशान हैं। पार्कों में टूटे झूले, खराब फिटनेस मशीनें, ब्लॉक सीवरेज और चारों ओर फैली गंदगी ने वार्डवासियों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि इन समस्याओं का समाधान जरूरी है, लेकिन अभी तक कोई हल नहीं किया गया। वार्डवासियों ने बताया कि वार्ड में सफाई के लिए आने वाले कर्मचारी कई दिन तो आते ही नहीं हैं। अगर सफाई के लिए आ भी जाएं तो कई दिनों तक कूड़ा पड़ा रहता है। भल्ला कॉलोनी की पार्क में बच्चों के झूले टूट चुके हैं, टाइलें खराब हो रही हैं और फिटनेस मशीनें भी खराब हो चुकी हैं। सीवरेज की समस्या भी बनी हुई है। गंदा पानी जमा हो रहा है और सीवरेज चैंबरों से पानी बाहर आ रहा है, जिससे गंदगी और बदबू फैल रही है। कूड़े की लिफ्टिंग न होने के कारण लोग खुले प्लॉटों में कूड़ा फेंकने को मजबूर हैं। लोगों ने प्रशासन से अपील की हैं कि वार्ड की पार्कों और सार्वजनिक स्थलों की टाइलें, झूले और फिटनेस मशीनें तुरंत दुरुस्त की जाएं। साथ ही सीवरेज चैंबरों की सफाई और कूड़ा उठाने की व्यवस्था बनाई जाए। वार्ड पार्षद सुनीता के पति सतीश कुमार बल्लू ने कहा कि सीवरेज की परेशानी मोटर न चलने से थी, जो अभी हल हो चुकी है। पार्क में लगी टाइलें, फिटनेस मशीनें व झूले उनके बिना ही विधायक ने अपने चहेतों के साथ इसका उद्घाटन कर दिया। कूड़ा उठाने वाली कंपनी पर सरकार मेहरबान है। वार्ड में सफाई कर्मी नहीं लगाए जा रहे। वार्ड में भाजपा से चुनाव लड़ी अनीता कुमारी के पति सुशील देवगन ने कहा कि जिन समस्याओं के लिए वोट मांगे गए थे, वह आज भी वैसे ही बनी हैं। जबकि चुने पार्षद वार्ड में समस्याओं का हल करवाएं। यह पार्षद का फर्ज भी है और जिम्मेदारी भी है। लोगों की समस्या का हल पहल के आधार पर होना चाहिए। देशराज, भल्ला कॉलोनी निवासी ने बताया कि पार्क में लोगों के लिए लगाई गई टाइलें खराब अवस्था में हैं। बच्चों के झूले टूट चुके हैं और फिटनेस मशीनें भी खराब हो चुकी हैं। पार्क का इस्तेमाल करना मुश्किल हो गया है। उषा, निवासी भल्ला कॉलोनी ने कहा कि सीवरेज चैंबर ब्लॉक होने से गंदा पानी घरों के बाहर जमा हो जाता है। उनका कहना है कि इसका पक्का समाधान अभी तक नहीं किया गया। लोग कूड़ा खुले प्लॉटों में फेंक रहे हैं। संतोष, निवासी भल्ला कॉलोनी ने बताया कि इलाके में सफाई कर्मचारी समय पर नहीं आते। कई दिनों तक सड़कें गंदगी से भरी रहती हैं और बदबू से हालात बुरे हो जाते हैं। रोजाना सफाई होनी चाहिए। गली में जमा सीवरेज का पानी। वार्ड में लगा कूड़े का ढेर। पार्क में टूटे झूले। पार्क उखड़ी टाइलें। ब्लॉक सीवरेज चैंबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *