श्री राम कथा के उपलक्ष्य में दुर्ग्याणा मंदिर से संध्या फेरी, संकीर्तन से भक्तिमय हुआ शहर

भास्कर न्यूज | अमृतसर दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा समाज में आध्यात्मिक जागरूकता और सद्भाव का संदेश पहुंचाने के लिए संध्या फेरी का आयोजन किया गया। इस भक्तिमयी यात्रा का शुभारंभ अमृतसर के ऐतिहासिक दुर्ग्याणा मंदिर से हुआ। फेरी दुर्ग्याणा मंदिर से प्रारंभ होकर आसपास की गलियों और मोहल्लों, जैसे शिवाला गंज मोरी और सेवा समिति क्षेत्र से गुजरी। संध्या फेरी के दौरान श्रद्धालुओं ने “राम जी की निकली सवारी, राम जी की लीला है न्यारी’ जैसे सुमधुर भजनों का गायन किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जन-जन तक प्रभु नाम का संदेश पहुंचाना और समाज में भक्ति का वातावरण निर्मित करना था। फेरी का समापन आरती और सामूहिक प्रार्थना के साथ हुआ, जहां संस्थान ने सभी भक्तों का आभार व्यक्त किया। संस्थान ने जानकारी दी कि इस संध्या फेरी का आयोजन आगामी 18 से 22 मार्च तक आईटीआई वूमेन ग्राउंड, बेरी गेट में होने वाली श्री राम कथा के उपलक्ष्य में किया गया है। इस पावन अवसर पर स्वामी रणजीतानंद, साध्वी नीरजा भारती, साध्वी कृष्णप्रीता भारती और साध्वी राजविंदर भारती सहित कई धार्मिक और राजनैतिक हस्तियां मौजूद रहीं। गणमान्य अतिथियों में सुरिंदर बबला, पार्षद विकास सोनी कांग्रेस, रोहित खन्ना दुर्ग्याणा मंदिर प्रबंधक कमेटी, गुलशन कोहली, ललित चुडोक और भाजपा नेता डॉ. राम चावला, कुमार अमित एवं मानव तनेजा प्रमुख रूप से शामिल हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *