भास्कर न्यूज | बेमेतरा जिला प्रभारी रायपुर शहर एवं पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा बेमेतरा राजेंद्र शर्मा ने राज्य बजट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 के विकसित भारत के संकल्प की दिशा में आगे बढ़ाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लिए गए जनहितकारी संकल्पों को धरातल पर उतारने की स्पष्ट रूपरेखा इस बजट में दिखाई देती है। शर्मा ने कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए किए गए प्रावधानों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि धान उत्पादक किसानों के हित संरक्षण, आधुनिक तकनीक आधारित कृषि प्रोत्साहन, ग्रामीण सड़कों और सिंचाई तंत्र के विस्तार से किसानों को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा किसानों की चिंता को प्राथमिकता देना सराहनीय है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त आधार मिलेगा। शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए प्रावधानों को उन्होंने ऐतिहासिक बताया। कहा कि नई स्कूल इमारतें, प्रयोगशालाएं, डिजिटल सुविधाएं और अस्पतालों का विस्तार आमजन को सीधा लाभ देंगे। साथ ही कौशल विकास, रोजगार उन्मुख प्रशिक्षण और उद्योग विस्तार से युवाओं के लिए नए अवसर सृजित होंगे। महिला स्व-सहायता समूहों को बढ़ावा, पोषण व सुरक्षा योजनाओं का विस्तार तथा सामाजिक सुरक्षा पर फोकस सरकार की संवेदनशीलता दर्शाता है। शर्मा ने कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ के समग्र और दीर्घकालीन विकास का संतुलित रोडमैप प्रस्तुत करता है।


