भास्कर न्यूज|बोड़ला प्रदेश की प्रतिभाओं को पहचान देने और उन्हें सम्मानित करने के उद्देश्य से रायपुर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। राष्ट्रीय समता साहित्य अकादमी इकाई छत्तीसगढ़ की ओर से आयोजित इस समारोह में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए कवियों, लोक कलाकारों, शिक्षकों, योगाचार्यों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। कुल 82 प्रतिभाओं को स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसमें कबीरधाम की प्रतिभाओं को विशेष सम्मान मिला। कबीरधाम जिले के प्रधानपाठक मिट्ठू लाल साहू को खेल व योग रत्न अवार्ड से सम्मानित किया गया। शिक्षक गजेंद्र गांगुली को शिक्षा रत्न अवार्ड दिया गया। लोक गायन क्षेत्र में धनी दास मानिकपुरी, भुवनेश्वर जांगड़े, अंजोरी यादव, चम्पा सिन्हा, रागनी श्रीवास, प्रमोद सेन, इंद्र कुमार, भागीरथी बारले को सम्मान मिला। वहीं कबीर भजन गायक राम खिलावन और पंथी गायक पवन चेलक को भी अलंकृत किया गया। अकादमी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. डीएस तांडेकर, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुरेश ठाकुर, राष्ट्रीय कवि व मप्र अकादमी अध्यक्ष डॉ. रमेश चंद्र चांगेसिया के विशेष आतिथ्य में यह कार्यक्रम हुआ। इन्हें भी मिला सम्मान: संगीत क्षेत्र में सुनील धुर्वे, चरण सिंह तिलगाम, अंजनी साहू (लोक गायिका), सियाराम धुर्वे (तबला वादक), महेश राम साहू (बैंजो वादक), भारती विश्वकर्मा, बीना विश्वकर्मा, नागेश्वर साहू (संगीत शिक्षक) को सम्मानित किया गया। साथ ही पुरुषोत्तम घृतलहरे सहित कई प्रतिभाओं को बाबा साहेब अंबेडकर सम्मान दिया गया।


