स्पोर्ट्स रिपोर्टर | भिलाई छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ की ओर से अंडर-23 महिला वन डे एक्सपोजर क्रिकेट स्पर्धा आयोजित की गई है। इसके अंतर्गत बीएसपी क्रिकेट मैदान सेक्टर-1 में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच तीन मैचों की शृंखला खेली जा रही है। इसका पहला मैच खेला गया। इसमें छत्तीसगढ़ ने ओडिशा की टीम को 43 रनों से पराजित किया। इस तरह शृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली है। छत्तीसगढ़ की टीम ने पहले खेलते हुए निर्धारित ओवरों में सभी विकेट खोकर 166 रन बनाए। इसमें मानश्री मौर्य ने 42 रन, मिताली शर्मा ने 31 रन, चांद चेलक ने 25 रन और रूमा दास ने 24 रन की पारी खेली। ओडिशा की अनन्या मिश्रा एवं शारदा महानंद ने तीन-तीन विकेट और अलकनंदा ने एक विकेट लिए। ओडिशा की अच्छी फिल्डिंग का शिकार होते हुए तीन खिलाड़ी रन आउट हुए। 167 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओडिशा की टीम 123 रन पर सिमट गई। हालांकि टीम की पूजा दास ने 53 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। साथ ही सुलक्षणा नायक ने 29 और सुष्मिता ने 22 रन बनाए, लेकिन मैच जीतने में सफल नहीं हो सके। गेंदबाजी करती हुई तानिया बेरिया ने 5, शांति बघेल ने 2, साक्षी शुक्ला और ऋषिका श्रीवास्तव को एक-एक विकेट मिला। एक बल्लेबाज रन आउट हुई।


