भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की आठवीं कक्षा की सोशल साइंस बोर्ड परीक्षा जिले में संपन्न हुई। परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही हलचल रही और विद्यार्थियों ने निर्धारित समय पर शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा दी। परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर आए छात्रों के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ दिखाई दे रही थी। उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्र कुल मिलाकर आसान था, हालांकि कुछ प्रश्न चुनौतीपूर्ण थे। विद्यार्थियों ने कहा कि कठिन सवालों को सोच-समझकर हल किया गया और अधिकांश ने अच्छे अंक आने की उम्मीद जताई। अभिभावकों ने भी बच्चों के प्रयास की सराहना की और उन्हें प्रोत्साहित किया। पंजाब बोर्ड की परीक्षाएं आज भी जारी रहेंगी। 26 फरवरी को बारहवीं कक्षा के कॉमर्स छात्रों के लिए मीडिया स्टडीज और साइंस छात्रों के लिए बायोलॉजी का पेपर होगा। साथ ही, आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए हेल्थ एंड फिजिकल एजुकेशन का पेपर लिया जाएगा।


