भास्कर न्यूज|अमृतसर निगम की तरफ से डेयरी मालिकों को शहर से बाहर शिफ्ट कराने के लिए फताहपुर में करीब 11.70 एकड़ जगह की ऑक्शन कराई जानी है। लेकिन 9 मेंबरी कमेटी का हाल यह है कि एक टेंडर क्लर्क के भरोसे है। हाल यह है कि कमेटी में शामिल अफसरों से बीते 24 फरवरी तक डेयरी मालिकों की तरफ से कराए गए रजिस्ट्रेशन की संख्या पूछने पर जवाब मिला कि क्लर्क ही सारा कुछ देख रहा है। ऐसे में ऑक्शन भगवान भरोसे ही नजर आ रहा है। वैसे भी गज रेट 12,500 रुपए को लेकर डेयरी मालिकों ने विरोध दर्ज कराया था। साथ ही ऑक्शन में हिस्सा लेने का बॉयकाट कर दिया है। बता दें कि बुधवार को सुबह 9 बजे ऑक्शन ओपन हो चुका और 27 तक बोली लगाने का मौका है। हैरानी तो यह है कि ज्वाइंट कमिश्नर के निर्देशन में 9 मेंबरी कमेटी ऑक्शन को सफल बनाने के लिए गठित की गई है। जिसमें असिस्टेंट कमिश्नर, एस्टेट अफसर, 2 काउंसलर, डीसीएफए, हेल्थ अफसर, लीगल एडवाइजर, एसई सिविल जैसे बड़े अफसरों को शामिल किया गया। 20 से 24 फरवरी तक डेयरी मालिकों को रजिस्ट्रेशन कराने के लिए समय दिया गया। जबकि 25 से 27 फरवरी तक बोली लगाने का मौका। लेकिन निगम की जो कार्यशैली बनी हुई है, उससे दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहा कि 28 फरवरी तक शहर के अंदर चल रहे 354 डेयरियों को शिफ्ट करा पाएगा। डेयरी मालिक गगनदीप सिंह ने कहा कि फताहपुर में जिस जगह की ऑक्शन निगम करा रहा है, उसमें कोई इंटरेस्ट नहीं है। डेयरी मालिकों ने सर्वसम्मति से फैसला लिया है कि पर गज 12,500 रेट के हिसाब से बोली नहीं लगाएंगे। डीसी ने बुधवार को मीटिंग के लिए समय दिया था, पर मुलाकात नहीं हो पाई है। रजिस्ट्रेशन कराने वाले डेयरी मालिकों की रिपोर्ट निगम सार्वजनिक करे तो स्थिति सामने आ जाएगी। गौर हो कि पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की सख्ती के बाद निगम ने डेयरियों को शहर से बाहर शिफ्ट कराने को लेकर फताहपुर में 116 प्लॉटों का ऑक्शन कराने की तैयारी की।


