ट्रैवल एजेंट के दफ्तर के बाहर किसानों का 4 घंटे धरना

भास्कर न्यूज | जालंधर संविधान चौक के पास स्थित एक ट्रैवल एजेंट के ऑफिस के बाहर बुधवार को किसानों ने करीब चार घंटे तक धरना देकर प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि एजेंट ने कनाडा भेजने के नाम पर 45 लाख रुपए की ठगी की और फर्जी वीजा लगाकर युवक को विदेश भेजने की कोशिश की। मामला तब उजागर हुआ जब युवक को एयरपोर्ट पर ही रोक लिया गया। किसान नेता सुखचैन सिंह ने आरोप लगाया कि कनाडा का 10 साल का मल्टीपल वीजा दिलाने के नाम पर 45 लाख रुपए लिए गए थे। जब युवक एयरपोर्ट पहुंचा तो सुरक्षा अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच के दौरान उसे रोक लिया। पीड़ित सतनाम सिंह ने बताया कि उनकी खुशकिस्मती रही कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की, वरना फर्जी दस्तावेजों के कारण जेल भी जाना पड़ सकता था। पीडितों के अनुसार, धोखाधड़ी सामने आने के बाद एजेंट ने 19 लाख रुपए वापस कर दिए थे और बाकी रकम 5-5 लाख की किश्तों में लौटाने का वादा किया था। लेकिन बाद में वह अपने वादे से मुकर गया। किसान नेता गुरदीप सिंह ने बताया कि मानसिक तनाव के चलते पीड़ित युवक आत्महत्या की कोशिश भी कर चुका है। वहीं जब किसान देर शाम 6 बजे तक ऑफिस के सामने से नहीं हटे तो मौके पर पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए। तब एजेंट ने 2 लाख रुपए खाते में डाल दिए। उसके बाद सवा लाख रुपए महीना देने का लिखित में वादा किया। तब जाकर किसानों ने धरना हटाया। वहीं एजेंट मनदीप सिंह ने कहा कि 70 फीसदी पैसे वापस किए जा चुके हैं। बाकी पेमेंट भी जल्द ही दी जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *