भास्कर न्यूज | जालंधर फगवाड़ा गेट इलाके में मंगलवार देर रात अज्ञात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाया। बदमाश शटर और ऊपरी हिस्से तोड़कर अंदर घुसे तथा नकदी व सामान समेटकर फरार हो गए। वारदात का खुलासा बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे हुआ, जब दुकानदार रोजाना की तरह दुकानें खोलने पहुंचे। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी उखाड़कर ले गए, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो सकता है। भल्ला एंड कंपनी के मालिक के अनुसार, चोर छत के रास्ते दाखिल हुए और तिजोरी तोड़कर करीब 25–30 हजार रुपए नकद ले गए। वहीं अजंता इलेक्ट्रॉनिक के संचालक प्रवीण ने बताया कि बदमाश तीसरी मंजिल से घुसे और नकदी के साथ अन्य सामान भी उठा ले गए। एमएल इंडस्ट्री के मालिक चंदन शर्मा ने कहा कि उनकी दुकान में यह तीसरी बार चोरी हुई है। व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।


