भास्कर न्यूज | जालंधर थाना लाबड़ा क्षेत्र के ताजपुर में चोरों ने बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। मकान मालिक अश्विनी कुमार पुत्र ओम प्रकाश ने बताया कि वे परिवार सहित दो दिन के लिए राजस्थान के एक धार्मिक स्थल पर गए थे और घर को ताला लगाकर निकले थे। देर रात करीब 10 बजे लौटने पर घर की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। पीछे का दरवाजा टूटा हुआ था और कमरों के ताले टूटे पड़े थे। घर की लाइटें जल रही थीं तथा सामान बिखरा हुआ था, जिससे स्पष्ट है कि चोरों ने आराम से पूरी तलाशी ली। पीड़ित के अनुसार अलमारी और सेफ तोड़कर करीब तीन तोले सोने के आभूषण, लगभग 30 हजार रुपये नकद और विदेशी शराब की दो महंगी बोतलें चोरी कर ली गईं। अन्य सामान का आकलन जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।


