टोंक | बटवालान मोहल्ले में चल रहे सट्टेबाजी के अड्डे पर डीएसटी ने 3 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार रात की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 12 मोबाइल, एक लेपटॉप व साढे 7 हजार से ज्यादा की नगद राशि सहित 1.27 करोड़ रुपयों के ऑनलाइन सट्टे का हिसाब-किताब जब्त किया है। दूसरी तरफ बटवालान मोहल्ले में अचानक इतनी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी देख लोग हैरान हो गए। लोगों ने बताया कि अचानक बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी पहुंचे और मकान के अंदर चले गए, बाद में तीन लोगों को ले गए। डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा ने बताया कि बटवालान मोहल्ला में टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान पाकिस्तान-इंग्लैंड मैच पर ऑनलाइन सट्टे का इनपुट मिलने पर टीम ने वहां पहुंचकर छापामार कार्रवाई करते हुए बटवालान मोहल्ला निवासी इमरान (42), रजबन निवासी सलमान (30) और खिड़की दरवाजा देशवाली मोहल्ला निवासी हारून मियां (34) को डिटेन कर उनके पास से 12 मोबाइल, एक लैपटॉप मय की-बोर्ड, 2 केलकुलेटर, 7 हजार 740 रुपए की नगद राशि और लेपटॉप में करीबन एक करोड़ 27 लाख 34 हजार 850 ऑनलाइन सट्टे का हिसाब-किताब भी बरामद किया है। तीनों के खिलाफ पुलिस थाना पुरानी टोंक पर प्रकरण कर गिरफ्तार किया गया। विदित रहे जिले में तीन दिन के भीतर सट्टे के खिलाफ दूसरी बड़ी कार्रवाई है।


