नगर निगम ने यूडी टैक्स वसूली पर सख्ती शुरू कर दी है। जब टीम बकाया वसूली करने मौके पर पहुंची तो भवन मालिकों में अफरा-तफरी मच गई। संपत्ति कुर्की की कार्रवाई से बचने के लिए मौके पर ही 40 लाख रुपए यूडी टैक्स जमा करवा दिए। वहीं जिन मालिकों ने बकाया जमा नहीं करवाया उनकी बिल्डिंग निगम ने सीज कर दी। यह कार्रवाई मालवीय नगर जोन में हुई। निगम अब अन्य जोनों में भी बकाया वसूली के लिए कुर्की अभियान चलाएगा। नोटिस से वारंट तक कार्रवाई जोन उपायुक्त मुकुट सिंह ने बताया कि यूडी टैक्स वसूली के लिए मालवीय नगर के अलग-अलग इलाकों में 12 संपत्तियों को नोटिस दिया था। इसके बावजूद राशि जमा नहीं करवाने पर व्यक्तिगत संपर्क कर भुगतान के लिए समझाइश की गई। राशि जमा नहीं करवाने पर राजस्थान नगरपालिका अधिनियम 2009 की धारा 130 के तहत मांग नोटिस दिया और फिर धारा 131 के तहत वारंट जारी कर 12 संपत्तियों को कुर्की की कार्रवाई का निर्णय लिया। कार्रवाई के दौरान 6 बकायादारों ने सीलिंग की प्रक्रिया शुरू होते ही यूडीए टैक्स भुगतान कर दिया। 6 बिल्डिंगों को सील कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी बकाया करदाताओं की सूची तैयार कर इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


