राजस्थान क्राइम फाइल पार्ट– 1 में आपने पढ़ा जयपुर–दिल्ली हाईवे पर नई माता मंदिर के पास छतरियों के नजदीक एक युवती की सिर कुचली लाश मिली थी। पास पड़ी स्कूटी से युवती की शिनाख्त हुई। लाश ब्रह्मपुरी इलाके के जयसिंहपुरा खोर में झूलेलाल कॉलोनी में रहने वाली नैना मंगनानी की थी। नैना शादीशुदा की और उसके ढाई महीने का बेटा भी था। नैना की मां ने अपने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया। क्या नैना की मां का शक सही था? अगर ये सच था तो ऐसी क्या वजह थी कि अयाज ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी? पुलिस ने अयाज अहमद अंसारी से पूछताछ शुरू की। शुरुआत में उसने माना कि दोनों के बीच विवाद चल रहा था। हालांकि, अपनी पत्नी नैना उर्फ रेशमा की हत्या से इनकार करता रहा। पुलिस को अलग-अलग कहानी सुनाकर गुमराह करने की कोशिश की। आखिर में पुलिस के सख्ती के आगे वह टूट गया। उसने नैना की हत्या करना कबूल कर लिया। पढ़िए वो सच जो अयाज ने पुलिस के सामने कबूल किया… शादी के बाद नैना ने रेशमा नाम रख लिया था। ऐसे में उसने फेसबुक पर भी रेशमा मंगलानी के नाम से एक और प्रोफाइल बना ली। अब वह इन दोनों प्रोफाइल पर अपने फोटो अपडेट करती थी। इसके अलावा इंस्टाग्राम पर रील बनाकर अपलोड करती थी। इस कारण कुछ ही समय में उसके फॉलोअर्स और फ्रेंड्स भी बढ़ने लगे थे। अयाज ने पुलिस को बताया कि नैना से उसकी जान पहचान फेसबुक के जरिए हुई थी। शादी के बाद यही फेसबुक दोनों के बीच विवाद का कारण बन गया। अयाज ने बताया कि नैना हमेशा फेसबुक पर ही बिजी रहती थी। वह अक्सर फोन पर दोस्तों से बातचीत में मशगूल रहती। इस कारण अयाज और रेशमा में अक्सर विवाद होता था। अयाज को लगने लगा कि रेशमा उसे इग्नोर कर रही है। अयाज को ये भी शक था कि नैना फेसबुक पर किसी और व्यक्ति से रिलेशनशिप में तो नहीं है। धीरे–धीरे ये शक बढ़ता जा रहा था। दोनों के बीच आए दिन छोटी-छोटी बातों पर झगड़े होने लगे। झगड़ों से परेशान होकर नैना अपने पीहर चली गई। उ के परिजनों ने पुलिस को बताया कि नैना तलाक लेना चाहती थी, लेकिन अयाज इसके लिए तैयार नहीं था। सुलह का झांसा देकर बुलाया और हत्या अयाज ने 19 जनवरी 2020 को नैना को फोन कर मिलने के लिए बुलाया। अयाज ने नैना को बताया था कि वह सुलह करना चाहता है। दोनों स्कूटी से कालवाड़ रोड स्थित फ्लैट पर गए। वहां दोनों ने बीयर पी। इसके बाद शाम को अयाज उसे आमेर ले आया, जहां दोनों ने साथ में खाना खाया। अयाज अंधेरा होने का इंतजार कर रहा था। वहीं अयाज के खतरनाक इरादों से अंजान नैना दोबारा सब कुछ ठीक होने की उम्मीद से खुश थी। इसके बाद अयाज उसे एक बार फिर स्कूटी से घूमाने ले गया। दिल्ली हाईवे के नजदीक नई माता मंदिर के पास अयाज ने स्कूटी रोकी और माता के मंदिर चलने को कहा। दोनों सुनसान रास्ते से मंदिर जा रहे थे। इस दौरान नैना फोन पर किसी से बात करने लगी तो मौका पाकर अयाज ने पीछे से प्लास्टिक की रस्सी से रेशमा का गला घोंट दिया। पूरी प्लानिंग से दिया वारदात को अंजाम अयाज ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके मना करने के बावजूद कुछ दिन पहले नैना अपनी फ्रेंड के साथ सवाईमाधोपुर घूमने गई। वह लगातार उसे इग्नोर कर रही थी। ये बात वो बर्दाश्त नहीं कर पा रहा था। वह नैना की हत्या की योजना पहले ही बना चुका था और एक मौके की तलाश में था। वारदात वाले दिन भी वह हत्या करने के लिए अपने साथ प्लास्टिक की रस्सी लाया था। अयाज ये जानता था कि पुलिस नैना की शिनाख्त कर एक न एक दिन उस तक पहुंच सकती है। ऐसे में उसने मर्डर के बाद नैना की पहचान छिपाने के लिए उसका चेहरा पत्थर से कुचल दिया। इसके बाद अयाज ने कपड़े बदले और कैब से अपने चाचा के घर चला गया। अयाज ने पूरी प्लानिंग से वारदात को अंजाम दिया था। उसे लगा कि पुलिस उस तक कभी नहीं पहुंच पाएगी। लेकिन घटनास्थल पर स्कूटी को छोड़ना अयाज के लिए बड़ी भूल साबित हुआ। स्कूटी से नैना की शिनाख्त हुई और पुलिस उस तक पहुंच ही गई। आमेर थाना इंचार्ज अंतिम शर्मा ने बताया कि हत्या का आरोपी अयाज अहमद अंसारी अभी विचाराधीन कैदी के रूप में जेल में है। इस मामले में अभी तक सजा नहीं हुई है। कोर्ट में ट्रायल चल रहा है। कॉल डिटेल और सीडीआर ने खोला राज पुलिस एक तरफ नैना उर्फ रेशमा के परिजनों और अयाज से पूछताछ कर रही थी। वहीं दूसरी तरफ तकनीकी सबूत जुटाने में लगी थी। इसके लिए पुलिस ने नैना की कॉल डिटेल और उसके पति की सीडीआर निकाली।जांच में नैना और अयाज के मोबाइल फोन की लोकेशन एक साथ पाई गई। जयपुर कमिश्नरेट के तत्कालीन एडिशनल पुलिस कमिश्नर क्राइम अशोक कुमार गुप्ता ने प्रेस कॉन्फेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी नैना की गला घोंटकर हत्या करने की पुष्टि हुई। पुलिस ने इस केस में 13 लोगों के बयान दर्ज किए। अयाज के कबूलनामे और सबूतों के आधार पर आमेर थाना पुलिस ने अयाज को 20 जनवरी 2020 को गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर लिया। इस दौरान अयाज की निशानदेही पर पुलिस ने घटना के समय पहनी जैकेट, जूते और कपड़े जब्त कर लिए, जो खून से सने हुए थे। रेशमा का मोबाइल भी अयाज के पास मिला। जिसे उसने स्विच ऑफ कर रखा था। …. जयपुर में युवती का मर्डर एपिसोड का पार्ट-1 भी पढ़िए… फेसबुक फ्रेंड से लव-मैरिज, सड़क पर मिली सिर कुचली लाश:5 साल बड़े युवक से भागकर की थी शादी, मां ने किस पर लगाया आरोप, पार्ट-1 22 साल की नैना और 27 साल का अयाज। फेसबुक पर मिले। एक दूसरे को पसंद करने लगे। दोनों के घरवालों को ये बात पसंद नहीं आई, क्योंकि दोनों के धर्म अलग थे। घरवालों के मर्जी के खिलाफ दोनों ने भागकर शादी कर ली। शादी के कुछ दिन बाद घरवालों की नाराजगी भी दूर हो गई। पूरी खबर पढ़िए…


