दिन के समय 12 से 15 किलोमीटर की रफ्तार से चली बर्फीली हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट आई है। जबकि रात का तापमान बढ़ा है। हालांकि यह अभी भी सामान्य से तीन डिग्री नीचे चल रहा है। अगले 24 घंटे के दौरान मौसम अस्थिर रहेगा। तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति रहेगी। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। जबकि न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3 डिग्री कम है। एक दिन पहले सोमवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री दर्ज किया गया था। इस लिहाज से सोमवार की अपेक्षा मंगलवार को अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की गिरावट आई है। जबकि न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री का इजाफा हुआ है। 2 से 3 दिन तापमान में रहेगी उतार-चढ़ाव की स्थिति : मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 240 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से बह रही सब ट्रॉपिकल जेट स्ट्रीम के कारण मौसम में ठंडक है। लेकिन उत्तरी राजस्थान के ऊपर 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय होने के कारण दक्षिण-पश्चिमी हवा सक्रिय हो गई है। इस कारण अगले 24 घंटों के दौरान करीब 5 दिन से चल रही शीतलहर से राहत मिलेगी और अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति रहेगी।


