राजस्थान के उत्तरी छोर पर बसा श्रीगंगानगर जिला अब गर्मी के चपेट में आ चुका है। फरवरी के आखिरी दिनों में ही दिन का अधिकतम तापमान 31 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है, जिससे तेज धूप ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बुधवार को न्यूनतम 14.4 डिग्री और अधिकतम 31.9 डिग्री रहा, जबकि मंगलवार को न्यूनतम 14.3 डिग्री और अधिकतम 31.8 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में तापमान 33-35 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि आसमान साफ रहने की संभावना है। गर्मी का मौसम शुरू होते ही ग्रामीण इलाकों में पानी की समस्या भी शुरू हो गई है। नहरबंदी के कारण वाटर वर्क्स की डिग्गियों में पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है। फिरोजपुर फीडर और गंग नहर से जुड़ी कई नहरों की बंदी लंबे समय से चल रही है, जिसके चलते किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा। शहर में भी पेयजल की समस्या बढ़ रही है।


