चौमूं-गोविंदगढ़ में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन:नवगठित चौमूं पंचायत समिति में पहली बार होगा मतदान, तैयारियां तेज

चौमूं और गोविंदगढ़ में पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। इसके साथ ही नवगठित चौमूं पंचायत समिति में पहली बार चुनाव का रास्ता साफ हो गया है। प्रशासन को अब चुनाव की तारीखों की घोषणा का इंतजार है। चौमूं पंचायत समिति में कुल 34 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम दिलीप सिंह राठौड़ ने उपखंड कार्यालय में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की मौजूदगी में चौमूं पंचायत समिति की मतदाता सूची जारी की। उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट प्रकाशन के समय कुल 1,37,697 मतदाता दर्ज थे। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान 4,499 मृत, स्थानांतरित और अपात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। वहीं, 5,127 नए मतदाता जोड़े गए हैं। इस प्रक्रिया के बाद चौमूं पंचायत समिति में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 1,38,325 हो गई है। इनमें 71,765 पुरुष और 66,560 महिला मतदाता शामिल हैं।
इसी तरह, गोविंदगढ़ पंचायत समिति में 27 ग्राम पंचायतें हैं। एसीएम प्रियंका बडगुर्जर ने बताया कि गोविंदगढ़ की मतदाता सूची के ड्राफ्ट प्रकाशन के समय 1,00,671 मतदाता थे। पुनरीक्षण के बाद 3,184 नाम हटाए गए और 4,130 नए मतदाता जोड़े गए, जिससे कुल मतदाता संख्या 1,01,616 हो गई है। इनमें 52,432 पुरुष और 49,184 महिला मतदाता हैं। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद चुनाव लड़ने के इच्छुक संभावित उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। नवगठित चौमूं पंचायत समिति में पहली बार चुनाव होने से क्षेत्र में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। अब प्रशासन और आमजन को राज्य निर्वाचन विभाग द्वारा चुनाव कार्यक्रम और मतदान तिथि घोषित किए जाने का बेसब्री से इंतजार है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *