भास्कर संवाददाता | दतिया जिले के जिगना में आयोजित की जा रही जगदीश परिहार क्रिकेट टूर्नामेंट ट्रॉफी पर फाइनल मैच जीतकर जिगना टीम ने कब्जा कर लिया। उसने गोंघारी टीम को हराया है। आयोजन समिति द्वारा गोंघारी टीम को उप विजेता घोषित किया गया। बुंदेलखंड जनता सहयोग समिति द्वारा आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत मंगलवार को खेले गए फाइन मैच में टॉस जीतकर गोंघारी टीम ने क्षेत्र रक्षण का निर्णय लिया। ऐसे में जिगना टीम ने निर्धारित 16 ओरव में 142 रनों का लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में उतरी गोंघारी टीम के खिलाड़ी 12 ओवर ही खेल पाए और 76 रनों पर ही ढेर हो गए। जिगना टीम के चंद्रप्रताप सिंह परमार को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। उन्होंने अपने ओवरों में तीन विकेट लिए जबकि बल्लेबाजी कर 25 रनों का योगदान दिया। बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे भाजपा नेता सुकर्ण मिश्रा, स्थानीय सरपंच पति प्रतिपाल सिंह परमार, आयोजन अध्यक्ष भूपेंद्र परिहार एवं आदित्य शिवहरे द्वारा विजेता टीम को 21 हजार एवं उप विजेता टीम को 11 हजार रुपए का नगद परुस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। टूर्नामेंट में प्रवेश रावत को मैन ऑफ टूर्नामेंट, छोटू राजा को बेस्ट बल्लेबाज एवं मौनू रजक को बेस्ट बॉलर का खिताब दिया गया।


