छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने राजनांदगांव जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष भागवत साहू का इस्तीफा नामंजूर कर दिया है। बैज ने टेड़ेसरा स्थित साहू निवास पर पहुंचकर यह फैसला सुनाया। भागवत साहू ने जिला पंचायत सदस्य चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। वे कांग्रेस के ही बागी प्रत्याशी अंगेश्वर देशमुख से चुनाव हार गए थे। इसके बाद साहू ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समर्थकों पर उन्हें हराने का आरोप लगाया था। इसी कारण उन्होंने जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। पीसीसी चीफ के फैसले का करेंगे पालन साहू ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता बरकरार रखी थी। पीसीसी चीफ के फैसले पर उन्होंने कहा कि वे पार्टी आलाकमान के आदेश का पालन करेंगे। इस मौके पर पूर्व मंत्री धनेश पाटिला, पूर्व विधायक भुनेश्वर बघेल, पूर्व शहर अध्यक्ष रमेश डाकलिया, जिला कांग्रेस ग्रामीण के पूर्व अध्यक्ष पदम सिंह कोठारी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मामला पार्टी की आंतरिक गुटबाजी से भी जुड़ा हो सकता है।


