नाले में गिरा 22 बच्चों से भरा स्कूल वाहन:1 मासूम बच्ची की मौत, 13 घायल; बिना फिटनेस वाहन चला रहा था क्लीनर

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। डौंडी नगर के आजाद पब्लिक स्कूल की फोर्स वाहन पहली से पांचवीं तक के 22 बच्चों को लेकर स्कूल से निकली थी। करीब 5 किमी दूर मरारटोला नाले के पास चढ़ाव पर वाहन बंद हो गया और पीछे की ओर खिसकते हुए करीब 45 मीटर रिवर्स होकर 6 फीट गहरे नाले में जा गिरा। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण वाहन में घुसे और बच्चों को बाहर निकाला। पीछे की सीट पर फंसी पहली कक्षा की 6 वर्षीय वेदांशी साहू बेसुध मिली। ग्रामीणों ने पानी निकालने की कोशिश की और बाइक से उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में थानवी (6), खुशबू (9), कृतिका (6), संध्या (12), काव्या (9), रिया (8), यश कुमार (8), पीयूष (9), हुआन (6), भाविर कोठारी (6), शशांक (8), एवीस तारम (8) और मेघरान (8) घायल हो गए। पिता की मौत के एक साल के भीतर बेटी भी चली गई ग्राम लिम्हाटोला निवासी वेदांशी साहू के पिता स्वर्गीय चिम्मन साहू की 27 जुलाई 2025 को डौंडी में ट्रैक्टर पलटने से मौत हो गई थी। परिवार इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि अब मासूम बेटी की मौत ने घर को पूरी तरह तोड़ दिया। बिना फिटनेस के चल रहा था दुर्घटनाग्रस्त वाहन दुर्घटना में शामिल स्कूल वाहन का फिटनेस प्रमाणपत्र और पीयूसी (प्रदूषण प्रमाणपत्र) पहले ही समाप्त हो चुका था। वहीं वाहन का इंश्योरेंस भी 22 जुलाई 2026 को खत्म होने वाला था। घायल बच्चों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि वाहन को एक क्लीनर के हवाले कर दिया गया था, जो उसे चला रहा था। हालांकि, आजाद पब्लिक स्कूल के प्राचार्य बीएल यादव का कहना है कि स्कूल से वाहन ड्राइवर ही लेकर निकला था। घटना के समय वाहन कौन चला रहा था, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है। चालक के खिलाफ केस दर्ज- CSP दल्लीराजहरा के सीएसपी विकास पाटले ने बताया कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया है। उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। लापरवाही से थम नहीं रहे हादसे केस – 1: बच्चों को वाहन में बंद कर सो गया चालक 18 सितंबर 2024 को बालोद थाना क्षेत्र के झलमला तिराहे में गंजपारा स्थित हरिजन अकादमी स्कूल का वाहन चालक शराब के नशे में धुत होकर स्कूली बच्चों को गाड़ी में बंद कर सो गया था। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदारों को संदेह हुआ। जब उन्होंने वाहन के अंदर देखा तो चालक नशे की हालत में सोता मिला। इसके बाद दुकानदारों ने दरवाजा खोलकर बच्चों को बाहर निकाला और चालक की जमकर पिटाई कर दी। केस – 2: नशे में चालक, वैन पलटने से छात्र की मौत 31 दिसंबर 2024 की सुबह करीब 8:30 बजे चालक केवल कुमार साहू शराब के नशे में 13 बच्चों को वैन में बैठाकर आत्मानंद स्कूल, निपानी ले जा रहा था। ग्राम सोहपुर के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में छात्र कुणाल साहू की मौत हो गई, जबकि चार अन्य छात्र-छात्राएं घायल हो गए थे। जांच में पुष्टि हुई कि चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। केस – 3: छात्राओं को ले जा रही ई-रिक्शा पलटी 11 सितंबर 2025 को बालोद-दुर्ग मुख्य मार्ग गंजपारा एनएच 930 पर एक ई-रिक्शा पलट गई। इसमें चालक सहित स्वामी आत्मानंद स्कूल के चार बच्चे घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, शराब दुकान के सामने एक मोपेड सवार ने अचानक वाहन मोड़ दिया, जिससे टक्कर के बाद ई-रिक्शा पलट गई। इस घटना में छात्रा दीक्षा सिन्हा, डोषिता सिन्हा (सगी बहन), भूमिका साहू और तारिणी साहू घायल हुई थीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *