रायपुर में सोमवार शाम भक्ति का माहौल देखने को मिला। जैन दादाबाड़ी, एम.जी. रोड पर श्याम रंग में रंगी चुनरिया कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाम 7 बजे शुरू हुआ यह भजन संध्या कार्यक्रम देर रात तक चला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा परिसर जयकारों से गूंजता रहा। यह आयोजन श्री श्याम संकीर्तन प्रचार समिति द्वारा किया गया। कार्यक्रम में भजन गायक मनोज शर्मा, सुरभि चतुर्वेदी और पलाश शर्मा ने श्याम भजन प्रस्तुत किए। भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। आयोजन स्थल को खाटू धाम की तरह सजाया गया था। यहां श्याम बाबा से जुड़ी मोरछड़ी और श्याम चालीसा श्रद्धालुओं को वितरित की गई। भक्तों ने इसे श्रद्धा के साथ ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान फूलों की होली खेली गई और इत्र छिड़का गया। इससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार जताया और आगे भी ऐसे धार्मिक कार्यक्रम करते रहने की बात कही।


