शेयर-मार्केट में पैसा कमाने के लिए घर से भागा छात्र:पिता को मैसेज किया था- पापा बचा लो मुझे, ये लोग मारेंगे; गुजरात में मिला

सीकर का 17 साल का स्टूडेंट शेयर मार्केट में पैसे कमाने के लिए घर से भाग निकला था। 3 दिन बाद वह गुजरात के चिकोदरा में मिला है। उद्योग नगर थाना SHO ने एजेंट बनकर छात्र से बात की और लोकेशन का पता लगाया। अब जल्द ही उसको सीकर लाया जाएगा। 22 फरवरी को लापता होने के बाद छात्र ने पिता को मैसेज किया था- पापा बचा लो मुझे, ये लोग मारेंगे। छात्र 12वीं बोर्ड की परीक्षा दे रहा है और 2 पेपर दे दिए थे। वह घर से करीब 30 हजार रुपए नकद लेकर निकला था। पिता के अकाउंट से भी 3 लाख रुपए निकाल लिए थे। अब 4 पॉइंट में समझिए पूरा मामला… 1. लड़के ने पिता को मैसेज में कहा था- ये लोग मारेंगे
SHO राजेश कुमार बुडानिया ने बताया- छात्र के पिता हरियाणा निवासी कारोबारी ने 23 फरवरी को उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया था कि उनका बेटा सीकर में किराए के कमरे में रहता है। वह 22 फरवरी की दोपहर करीब 3:45 बजे बाइक लेकर कमरे से निकला था। बेटे ने एक वॉट्सएप मैसेज भी किया कि “पापा बचा लो मुझे, यह लोग मारेंगे। इसके बाद फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। SHO ने बताया- पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश की। इस दौरान सामने आया कि छात्र बाइक लेकर शाम को 4:20 बजे रेलवे स्टेशन पर पहुंचा था और 4:45 बजे जयपुर जाने वाली ट्रेन में बैठ गया। छात्र ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया था, लेकिन सोशल मीडिया लगातार चला रहा था। इसके आधार पर पुलिस ने टेक्निकल सोर्सेज के पता लगाया तो सामने आया कि सीकर से जाने के बाद लड़का हरियाणा में अपने गांव गया था। 2. पिता के अकाउंट से निकाले थे 3 लाख रुपए
SHO ने बताया- हरियाणा से उसने एक नई सिम खरीदकर मोबाइल में डाली थी। जांच में पता चला कि लड़का करीब 30 हजार रुपए नकद लेकर गया था। इसके अलावा वह अपने पिता के अकाउंट से भी करीब 3 लाख रुपए निकाल चुका था। पिता का ऑनलाइन बैंकिंग का काम बेटा ही देखा था। ऐसे में घरवालों को पता ही नहीं था कि पिता के अकाउंट से लाखों रुपए निकल चुके हैं। पुलिस ने लड़के के दोस्तों से बात की। तब पता चला कि वह शेयर मार्केट और USDT ट्रेडिंग की बात करता था। वह अक्सर कहता था कि इसमें काफी पैसा है। इस तरह की ट्रेडिंग में डॉलर में काफी रुपए मिलते हैं। 3. गुजरात लोकेशन का चला पता
SHO ने बताया- पुलिस ने छात्र के एक दोस्त से ही मैसेज करवाया कि उसके पास एक आदमी है, जो शेयर मार्केट में ट्रेडिंग करवा सकता है। दोस्त के मैसेज करने पर छात्र तैयार हो गया। दोस्त ने कहा कि एजेंट से बात करवाऊंगा। SHO ने कहा- इसके बाद मैंने ही ही एजेंट बनकर लड़के से बात की। छात्र ने कहा कि आपका काम कहां-कहां पर है। मैं अभी गुजरात में हूं, इसलिए वडोदरा और उसके आसपास के एरिया में दिलवा दो। छात्र ने कहा कि मैं मिलना चाहता हूं। इस पर गुजरात की लोकल पुलिस से कॉन्टैक्ट किया। उनसे बातचीत के बाद छात्र को चिकोदरा (गुजरात) में एक होटल का नाम बताया तो वह उस होटल की लोकेशन पर पहुंच गया। हमनें गुजरात पुलिस को पहले ही छात्र की फोटो भेज दी थी। छात्र के पहुंचते ही लोकल पुलिस ने उसे अपनी सुरक्षा में ले लिया। छात्र को सीकर लाने के लिए एक टीम और परिजनों को गुजरात भेजा है। 4. पढ़ाई में कमजोर है छात्र
SHO राजेश कुमार बुडानिया ने बताया- लड़का पढ़ाई में थोड़ा कमजोर है। वर्तमान में उसके 12वीं के बोर्ड एग्जाम चल रहे हैं। इसमें 2 पेपर हो चुके थे और तीन होना बाकी है। इसके बीच ही लड़का घर छोड़कर चला गया था। —- मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए: 12वीं बोर्ड एग्जाम के बीच नाबालिग स्टूडेंट लापता:दोस्त से मिलने की बात कहकर निकला था, पिता के पास मैसेज किया-‘पापा बचा लो मुझे, ये लोग मारेंगे’ सीकर जिले में 17 साल के नाबालिग लड़के के गुमशुदा होने का मामला सामने आया है। नाबालिग लड़का दोस्त से मिलने की बात कहकर घर से निकला था। जो वापस नहीं लौटा। लड़के ने अपने पिता के फोन पर मैसेज किया कि पापा मुझे बचा लो। ये लोग मुझे मारेंगे। (पूरी खबर पढ़ें)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *