दिल्ली में AI समिट के दौरान प्रदर्शन करने वाले यूथ कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने पर पार्टी के युवाओं में आक्रोश है। यूथ कांग्रेस और NSUI के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सवाई माधोपुर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान NSUI व यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई, जिस पर पुलिस ने NSUI के जिला अध्यक्ष आसिब खलीफा और कार्यकर्ता मनोज मीणा को हिरासत में ले लिया। जिन्हें कुछ देर बाद छोड़ दिया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठे
प्रदर्शन से पूर्व जिलाध्यक्ष समेत अन्य कार्यकर्ता बजरिया स्थित महावीर पार्क में इकट्ठा हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी कलेक्टर को मौके पर बुलाकर ज्ञापन लेने की जिद पर अड़ गए। जब कलेक्टर के उनके पास नही आए तो सभी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठ गए। इस दौरान जब पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो NSUI व यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी करने लगे और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। उनकी पुलिस से धक्कामुक्की हो गई। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए NSUI जिलाध्यक्ष आसिब खलीफा और कार्यकर्ता मनोज मीणा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कार्यकर्ता बोले- मोदी अमेरिका से डर रहे
NSUI व यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का कहना है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इशारों पर संसद में उनके नेता राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया जाता है। जब यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा AI समिट के दौरान प्रदर्शन किया गया तो केंद्र सरकार ने पुलिस भेजकर उन्हें गिरफ्तार करवा दिया। पुलिस ने सरकार के इशारे पर कार्यकर्ताओं को ही नहीं, बल्कि यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानू को भी गिरफ्तार कर लिया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका से डरे हुए है और अपने कृत्यों को छिपाने के लिए पुलिस को आगे करके कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करवा रहे है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब संसद में देश के गरीब, किसान और बेसहारा लोगो की आवाज उठाते है तो सरकार में बैठे लोग उनको बोलने नहीं देते और जब कांग्रेस के लोग धरना प्रदर्शन के माध्यम से अपने नेता की आवाज उठाते है तो सरकार पुलिस भेजकर उन्हें गिरफ्तार करवाने ओर जेल में डालने का काम कर रही है। केंद्र सरकार पुलिस को आगे कर विपक्ष एंव कांग्रेस की आवाज नहीं दबा सकती।


