दो सड़क हादसे, युवा भाजपा नेता सहित चार की मौत:सरगुजा के NH में दो बाइकों की टक्कर में दो की मौत,सूरजपुर में भी बाइक टकराए

सरगुजा के नेशनल हाईवे 43 में शांतिपारा के पास दो बाइकों की भिड़ंत में युवा भाजपा नेता सहित दो युवकों की मौत हो गई। एक घायल का इलाज अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में किया जा रहा है। एक अन्य हादसे में अंबिकापुर-प्रतापपुर मुख्य मार्ग में केरता के पास दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई। घटनाएं सरगुजा के बतौली एवं सूरजपुर के खड़गवां चौकी क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात 8.30 बजे नेशनल हाईवे 43 में शांतिपारा पुलिया के पास दो बाइकों की आमने-सामने सीधी भिड़ंत हो गई। तेज रफ्तार में हुई टक्कर में दोनों बाइकों के सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में पोकसरी निवासी युवा भाजपा नेता कमला प्रसाद उर्फ संजय यादव पिता मोतिया यादव (32 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ बाइक में सवार पोकसरी निवासी राजू सिंह (32 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरे बाइक में सवार बतौली कालीपुर निवासी प्रमोद कुजूर (35 वर्ष) का भी पैर टूट गया है। दो की मौत, एक का इलाज जारी
हादसे के बाद तीनों को स्थानीय लोगों की मदद से हॉस्पिटल पहुंचाया गया। हॉस्पिटल में संजय यादव को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया एवं दोनों घायल को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। अंबिकापुर में इलाज के दौरान गुरुवार को राजू सिंह की भी मौत हो गई। हादसे में उनके सिर में चोटें आई थीं। परिजनों ने बताया कि किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष संजय यादव अपने साथी राजू सिंह के साथ रात में वापस घर जा रहे थे। उनके बाइक की सामने से आ रही तेज रफ्तार पल्सर बाइक सवार प्रमोद कुजूर से भिड़ंत हो गई। मृतक संजय यादव पोकसरी के उप सरपंच भी थे। सूरजपुर में दो बाइकों की भिड़ंत में दो की मौत
सूरजपुर जिले के पंक्षीडांड के पास दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई। बुधवार दोपहर प्रतापपुर ब्लॉक के सवतार निवासी रितिक बेक पिता बिंद्रेश बेक (21 वर्ष) की बाइक सामने से तेज रफ्तार में आ रहे राजपुर के सेवारी निवासी विनोद कुमार तिरखाई (36 वर्ष) की बाइक से तेज रफ्तार में जा टकराई। हादसे में दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। दोनों को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेजा गया। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दोनों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतकों के पास मिले दस्तावेजों एवं फोन से दोनों की शिनाख्त हुई। सूचना पर दोनों मृतकों के परिजन देर रात अंबिकापुर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि मृतक रितिक बेक बुधवार दोपहर बारात जाना बताकर घर से बाइक लेकर निकला था। वहीं दूसरे बाइक में सवार विनोद कुमार तिरखाई किसी काम से अंबिकापुर आया था। नेशनल हाईवे 343 की खस्ताहाल स्थिति के कारण वह पंक्षीडांड होकर वापस घर लौट रहा था। मामले में मर्ग डायरी खड़गवां पुलिस चौकी भेजी जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *