छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित तहसील कार्यालय में नकल कॉपी को लेकर हंगामे का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि तहसील कोर्ट से दस्तावेज की प्रमाणित नकल समय पर नहीं मिलने से नाराज कुछ वकीलों ने कार्यालय परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, वकील हाईकोर्ट में अपील दायर करने के लिए जरूरी दस्तावेज की नकल मांग रहे थे। आरोप है कि तय समय में कॉपी उपलब्ध नहीं कराई गई और पैसों की मांग की गयी, इसी बात को लेकर वकीलों और कर्मचारियों के बीच तीखी बहस हो गई, जो बाद में हंगामे में बदल गई।
धमकी देने का भी आरोप आरोप है कि इस दौरान कुछ वकीलों ने बदसलूकी की और अवैध वसूली जैसे आरोप लगाए। हंगामे के बीच तहसीलदार के लिए अपशब्द भी बोले गये। एक कर्मचारी से बार-बार उसका नाम और जाति पूछे जाने तथा मारपीट की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
तनाव की स्थिति वहीं हंगामे के दौरान प्रदेश के मंत्री टंकराम वर्मा पर भी पैसे लेने के आरोप लगाए गये है। सूत्रों के अनुसार, घटना एक दिन पहले की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सामने आया है। फिलहाल तहसील कार्यालय और वकील संघ के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। मामले में रायपुर के तहसीलदार राममूर्ति दीवान ने कहा नकल कॉपी को लेकर कुछ वकीलों की तरफ से हंगामा किया गया है। कर्मचारियों ने बदसलूखी की शिकायत की है। इस संबंध में सभी पक्षों से चर्चा की जाएगी।


